पेपर लीक मामले को लेकर पीएम आवास के पास राहुल-प्रियंका का धरना, सरकार से इस्तीफे की मांग पर अड़ी कांग्रेस

पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने दिल्ली में केंद्र सरकार के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई नेता प्रधानमंत्री आवास के पास धरने पर बैठ गए। कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और प्रधानमंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पेपर लीक मामलों को लेकर सरकार की जिम्मेदारी तय करने की मांग उठाई।

वही कांग्रेस का यह प्रदर्शन बेहद गोपनीय तरीके से आयोजित किया गया था। राहुल गांधी समेत पार्टी के प्रमुख नेता पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर पहुंचे और वहां से पैदल मार्च करते हुए पीएम आवास की ओर रवाना हुए। मीडिया को इस प्रदर्शन की जानकारी उस समय दी गई, जब नेता पीएम आवास से करीब 100 मीटर की दूरी पर पहुंच चुके थे। पुलिस ने सुरक्षा कारणों से प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।

प्रदर्शन के मुताबिक  पुलिस ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है और सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेते हुए जवाब देना चाहिए।

इधर, प्रदर्शनकारी नेताओं से बातचीत करने के लिए केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और गृह सचिव गोविंद मोहन मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहुल गांधी और अन्य नेताओं से धरना समाप्त करने की अपील की। वहीं दूसरी ओर जंतर-मंतर पर भी कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी रहा, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। कांग्रेस के अनुसार पेपर लीक के मुद्दे पर उसका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।