प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर देशभर में सेवा-संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। पश्चिम बंगाल के लोगों के लिए इस दिन की शुरुआत केंद्रीय योजनाओं के विस्तार के साथ हुई।
प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पश्चिम बंगाल में अन्नपूर्णा योजना की किश्त जारी की। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य के लोगों को लंबे समय तक केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया, जिससे यहां के नागरिकों को नुकसान उठाना पड़ा।
वडनगर से वाराणसी तक 1300 किमी लंबी बाइक रैली
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वडनगर से वाराणसी तक करीब 1,300 किलोमीटर लंबी बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही वाराणसी से भी वडनगर के लिए एक अन्य बाइक रैली की शुरुआत की गई।
इस मेगा रैली में देश के 10 राज्यों और 193 जिलों के करीब 600 बाइकर्स हिस्सा ले रहे हैं। यह यात्रा विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए 7 अक्टूबर को अपने तय गंतव्य पर समाप्त होगी।
'आशीर्वाद के दीये' और राज्यों में तैयारी
जन्मदिन के मौके पर शाम 6 से 7 बजे के बीच देश भर में 'आशीर्वाद के दीये' जलाए जाने का कार्यक्रम है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया के माध्यम से देशवासियों से अपने घरों के बाहर दीये प्रज्वलित करने की अपील की थी।
इस अभियान के तहत मध्य प्रदेश में 58 लाख, छत्तीसगढ़ में 36 लाख, हरियाणा में 79.52 लाख और पश्चिम बंगाल में 70 लाख दीये जलाने की प्रशासनिक और सांगठनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अमित शाह की स्पीच के प्रमुख बिंदु
गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री के अब तक के राजनीतिक सफर और कामकाज का जिक्र करते हुए कई अहम बातें रखीं:
- 25 साल का सेवाकाल: शाह ने कहा कि पीएम मोदी ने बिना एक भी दिन छुट्टी लिए राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार 25 वर्षों तक प्रतिदिन 16 से 18 घंटे काम किया है।
- गरीबी उन्मूलन: मोदी सरकार के कार्यकाल के दौरान देश में करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। इस दौरान आवास, बिजली, नल का पानी, शौचालय, एलपीजी गैस और मुफ्त राशन जैसी बुनियादी योजनाएं घर-घर पहुंचाई गईं।
- राशन और स्वास्थ्य सुरक्षा: देश के करीब 80 करोड़ नागरिकों को हर महीने 5 किलो मुफ्त अनाज और 5 लाख रुपए तक का मुफ्त स्वास्थ्य कवर उपलब्ध कराया गया है।
- राष्ट्रीय सुरक्षा और सुशासन: राष्ट्रीय सुरक्षा नीति में स्पष्टता लाते हुए भ्रष्टाचार और घोटालों पर कड़ा प्रहार किया गया। शाह ने इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री ने हमेशा खुद को 'प्रधान सेवक' के रूप में देश के सामने रखा है।
