राजस्थान में इस मानसून सीजन में सामान्य से करीब 22 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई है, जिसका असर अब अक्टूबर की शुरुआत में साफ नजर आ रहा है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जिससे गर्मी और उमस का अहसास बना हुआ है। हालांकि, मौसम में अब धीरे-धीरे बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं।
फलोदी में सबसे ज्यादा गर्मी, पिलानी और चूरू में भी पारा चढ़ा
पिछले 24 घंटे के मौसम आंकड़ों के मुताबिक, पिलानी, चूरू, श्रीगंगानगर, जैसलमेर और फलोदी में दिन के समय सबसे ज्यादा गर्मी रही। इन इलाकों में अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जिसमें सबसे अधिक 38 डिग्री तापमान फलोदी में रिकॉर्ड हुआ।
इसके विपरीत, रात के समय हल्की ठंडक शुरू हो गई है। शेखावाटी अंचल के साथ-साथ उदयपुर और सिरोही में रात का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस या उसके आसपास दर्ज किया गया। बुधवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहा, हालांकि दोपहर बाद राजसमंद के आमेट इलाके में हल्की बारिश हुई जहां 16 मिलीमीटर पानी बरसा। इससे पहले 29 सितंबर की शाम से 30 सितंबर की सुबह के बीच बूंदी के नैनवां में 68 एमएम और टोंक के चांदसेन में 65 एमएम बरसात दर्ज की गई थी।
सामान्य से अधिक रहेगा तापमान
मौसम केंद्र नई दिल्ली ने अक्टूबर महीने का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक, इस महीने राज्यभर में दिन और रात का तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। खासकर रात के समय ठंडक सामान्य से कम महसूस होगी, जबकि दिन में धूप तीखी रहने के आसार हैं।
बीकानेर संभाग में बारिश की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार, अक्टूबर में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से बीकानेर संभाग के इलाकों में सामान्य से अधिक बरसात हो सकती है। हालांकि, राज्य के बाकी हिस्सों में अक्टूबर के दौरान बारिश सामान्य से कम रहने का अनुमान जताया गया है।
