राजस्थान के किसानों को बड़ी सौगात की तैयारी तेज  किसान सम्मान निधि 12 हजार रुपए तक बढ़ाने के संकेत

राजस्थान के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किसान सम्मान निधि की राशि को भविष्य में बढ़ाकर 12 हजार रुपए तक करने के संकेत दिए हैं। अजमेर जिले के केकड़ी में करीब 880 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि राजस्थान में किसान सम्मान निधि की राशि पहले ही 6 हजार रुपए से बढ़ाकर 9 हजार रुपए सालाना की जा चुकी है और इसे आगे बढ़ाकर 12 हजार रुपए तक करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने, बिजली सब्सिडी, राजस्थान सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड लोन योजना के तहत 1 लाख रुपए तक का ब्याज मुक्त ऋण और मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना जैसी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पशु बीमा योजना के तहत अब तक 22 लाख से ज्यादा बीमा पॉलिसी जारी की जा चुकी हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने केकड़ी क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कई परियोजनाओं का शुभारंभ किया। वही  राज्य सरकार पानी, बिजली, सड़क, रोजगार और जनसुविधाओं के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। सीएम ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में राजस्थान में 33 हजार करोड़ रुपए से अधिक की लागत से करीब 49 हजार किलोमीटर सड़कों का विकास किया गया है, जबकि 18 हजार किलोमीटर नई सड़कें बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान को विकसित भारत के विजन के तहत आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर सुविधाओं की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।