राजस्थान में मानसून पर लगा ब्रेक अगले 3 दिन कुछ इलाकों में बारिश की संभावना 

राजस्थान में मानसून की एंट्री के बाद अब इसकी रफ्तार धीमी पड़ रही है। प्रदेश में फिलहाल ब्रेक मानसून की स्थिति बनी हुई है, जिसके चलते कई जिलों में उमस और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, अगले 3 दिन यानी 15 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि कुछ सीमित इलाकों में स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक , 13 जुलाई को जयपुर, भरतपुर और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। वहीं 14 और 15 जुलाई को पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके अलावा प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले एक सप्ताह तक राजस्थान में मानसून की गतिविधियां कमजोर रह सकती हैं और भारी बारिश की संभावना बेहद कम है। मानसून की इस सुस्ती का असर किसानों पर भी पड़ रहा है। खरीफ फसलों की बुवाई के बाद अब खेतों में पर्याप्त नमी बनाए रखने के लिए बारिश की जरूरत महसूस की जा रही है।