राजस्थान समेत 9 राज्यों में बारिश की रफ्तार थमी, श्रीगंगानगर में पारा 42°C; जम्मू-कश्मीर में बादल फटा, उत्तराखंड में लैंडस्लाइड

देश के करीब 70 फीसदी हिस्से से मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ गई हैं। राजस्थान, दिल्ली-NCR, पश्चिमी मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना कम बताई जा रही है। बारिश थमने के कारण उत्तर भारत के कई इलाकों में तापमान बढ़ने लगा है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में बादल फटने की घटना सामने आई, जबकि उत्तराखंड के विकासनगर में भारी बारिश के बाद लखवाड़ हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट क्षेत्र में लैंडस्लाइड हो गई, जिसमें कई वाहन और मशीनें मलबे में दब गईं। 

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश और भूस्खलन का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला है। दोनों राज्यों में लैंडस्लाइड के कारण करीब 440 सड़कें बंद हो गई हैं। दूसरी ओर, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और मेघालय में भारी बारिश दर्ज की गई है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बारिश के चलते गंगा नदी का जलस्तर भी कई जगहों पर बढ़ रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक मानसून को सक्रिय रखने वाले सिस्टम के कमजोर होने और बंगाल की खाड़ी में नया मजबूत लो-प्रेशर सिस्टम नहीं बनने के कारण बारिश में कमी आई है। मानसून ट्रफ भी अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर खिसक गई है, जिसके चलते मध्य, पश्चिम और दक्षिण भारत में बारिश की गतिविधियां कम हुई हैं। फिलहाल बारिश का असर उत्तर भारत, पूर्वी राज्यों और पूर्वोत्तर तक सीमित है। IMD के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों में देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून के दोबारा पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना कम है।