जहरीली शराब कांड के मामले में फरार चल रहे मास्टरमाइंड रवि लखेरा को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है। घायल रवि लखेरा को उपचार के बाद पुलिस बंडा थाने लेकर पहुंची।

पुलिस पर चलाई गोली

सागर एसपी अनुराग सुजानिया ने बताया कि पुलिस को इनपुट मिला था कि जहरीली शराब कांड का आरोपी रवि लखेरा जंगल में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने टीम पर दो राउंड फायर कर दिए।

पैर में लगी गोली

पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई और आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने गोली चलाई, जो रवि लखेरा के पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया। आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बंडा थाने लाया गया।

शराब कांड के बाद से था फरार

रवि लखेरा जहरीली शराब कांड में लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर जहरीली शराब के नेटवर्क, सप्लाई और इस पूरे मामले से जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।