राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में कपासन में शनिवार को भव्य पथ संचलन निकाला गया। घोष दल की गूंजती धुनों और अनुशासित कदमताल के बीच निकले इस संचलन का नगरवासियों ने जगह-जगह स्वागत किया। मार्ग में सजाई गई आकर्षक रंगोलियों और पुष्पवर्षा से पूरा कस्बा देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
एस.आर. वाटिका से शुरू हुआ संचलन शताब्दी वर्ष के इस आयोजन का शुभारंभ स्थानीय एस.आर. वाटिका से हुआ। यहां से स्वयंसेवकों का कतारबद्ध दल नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ आगे बढ़ा। कतारों में कदम से कदम मिलाकर चलते स्वयंसेवकों का अनुशासन देखने लायक था। इस दौरान संचलन में शामिल नन्हे-नन्हे स्वयंसेवकों की भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिन्हें देखने के लिए सड़कों के दोनों ओर लोगों की भीड़ जुटी रही।
महाराणा प्रताप चौराहे पर जनप्रतिनिधियों ने किया अभिनंदन
पथ संचलन को लेकर कस्बेवासियों में खासा उत्साह देखा गया। मुख्य मार्गों पर विभिन्न स्थानों पर रंगोलियां सजाई गईं।
जब संचलन नगर के महाराणा प्रताप चौराहे पर पहुंचा, तो स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने स्वयंसेवकों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। स्वागत करने वालों में कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर, नगर पालिका अध्यक्ष सरोज बारेगामा, उपाध्यक्ष नीतू ईनाणी और भाजपा नेता प्रमोद बारेगामा समेत कई प्रमुख लोग शामिल रहे।
घोष दल की धुनों ने बांधा समां
संचलन के दौरान साथ चल रहे घोष दल की धुनों ने पूरे आयोजन में विशेष ऊर्जा का संचार किया। घोष की ताल पर आगे बढ़ते स्वयंसेवकों का अनुशासन देखने वालों को आकर्षित कर रहा था। शताब्दी वर्ष के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों की श्रृंखला में इस पथ संचलन को एक प्रमुख और भव्य आयोजन माना जा रहा है, जिसने पूरे नगर में उत्सव का माहौल बना दिया।
