देवली नगर में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की ओर से भव्य पथ संचलन निकाला गया। इस दौरान शहरभर के विभिन्न मार्गों पर स्वयंसेवकों का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। संचलन को लेकर स्वयंसेवकों में खासा उत्साह नजर आया।
पथ संचलन की शुरुआत गौरव पथ स्थित अटल उद्यान के टीन शेड से हुई। यहां से कतारबद्ध होकर स्वयंसेवक निर्धारित रूट से होते हुए शहर के प्रमुख इलाकों से गुजरे।
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा संचलन
अटल उद्यान से रवाना होने के बाद पथ संचलन जहाजपुर चुंगी नाका, पटवा बाजार, छतरी चौराहा और गणेश रोड पहुंचा। इसके बाद यह खटीक मोहल्ला, आनंद चौक, ममता सर्कल, बस स्टैंड, पेट्रोल पंप और शीतला माता मंदिर एजेंसी एरिया से होते हुए वापस अटल उद्यान स्थित टीन शेड पर आकर संपन्न हुआ। संचलन के पूरे मार्ग पर सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहे।
व्यापार महासंघ और पालिका ने किया अभिनंदन
नगर के मुख्य बाजार में व्यापार महासंघ के अध्यक्ष पंकज जैन सर्राफ के नेतृत्व में स्वयंसेवकों पर फूल बरसाए गए। इस दौरान प्रमोद मंगल, नीरज जैन और रामेश्वर पांचाल समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
वहीं, नगरपालिका मंडल देवली की ओर से भी संचलन का स्वागत किया गया। इस मौके पर भाजपा नेता तनसुख बैरवा, पार्षद दिनेश जैन, विष्णु कुमार टेलर, केपी सिंह नरूका, गोविंद और नीरज जैन सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
