राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्थापना दिवस और विजय दशमी पर्व के मौके पर रविवार को खरगोन शहर में पथ संचलन निकाला गया। इस दौरान शहर की 15 बस्तियों में एक साथ और एक ही समय पर स्वयंसेवकों ने अनुशासन का प्रदर्शन किया। संचलन के शुरुआती चरण में ध्वज पूजन और बौद्धिक सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने राष्ट्र सेवा और संगठन के महत्व पर जोर दिया।
घोष की थाप पर कदमताल
बौद्धिक कार्यक्रम के बाद पारंपरिक घोष की थाप के साथ स्वयंसेवकों की टोलियां तयशुदा मार्गों पर आगे बढ़ीं। हर आयु वर्ग के स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में अनुशासित तरीके से कदमताल मिलाते हुए चल रहे थे। बस्तिवार निकाले गए इस संचलन का पूरा शहर साक्षी बना और मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
आयोजन के दौरान कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संचलन के पूरे मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों के मुताबिक, सभी 15 बस्तियों में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
