मध्य प्रदेश के सागर जिला कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान एक अनोखा नजारा देखने को मिला। बीना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम देवल की गोचर भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर एक गौ सेवक 171 शिकायतों और आवेदनों से तैयार की गई लंबी माला पहनकर अधिकारियों के सामने पहुंच गया।
गो रक्षा समिति के अध्यक्ष हरिकिशन सेन ने दोपहर करीब 1 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचकर टेबल पर आवेदनों की माला रखी। अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा कि पिछले तीन साल के दौरान वे इस संबंध में 170 बार लिखित शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आज वे अपना 171वां आवेदन लेकर आए हैं और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए पिछले सभी आवेदन भी साथ लाए हैं।
ग्राम देवल की 3614 एकड़ जमीन का मामला
हरिकिशन सेन ने प्रशासन के सामने मांग रखी कि बीना विधानसभा के ग्राम देवल में स्थित 3614 एकड़ गोचर भूमि पर गौ अभयारण्य का निर्माण किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने पूरे जिले में बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर अन्य गांवों में भी गोचर भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने की मांग दोहराई।
तीन साल से चक्कर काट रहे गौ सेवक का यह अनोखा विरोध प्रदर्शन कलेक्ट्रेट में चर्चा का विषय बन गया। अब इस मामले में 171वें आवेदन के बाद जिला प्रशासन क्या कदम उठाता है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
