मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर जैसलमेर पहुंचेंगे। इस यात्रा के दौरान सीएम भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे प्रसिद्ध तनोटराय माता मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों के साथ भाई दूज का त्योहार मनाएंगे।
जैसलमेर प्रवास के तय कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे जयपुर से विशेष विमान से जैसलमेर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे हेलीकॉप्टर के जरिए सीधे तनोट के लिए रवाना होंगे। दोपहर करीब 2:30 बजे तक तनोट में दर्शन और जवानों से मुलाकात का कार्यक्रम तय किया गया है। इसके बाद दोपहर 3:10 बजे उनका हेलीकॉप्टर जैसलमेर लौटेगा।
कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और चुनावी फीडबैक
तनोट से लौटने के बाद मुख्यमंत्री का एयरपोर्ट के पास स्थित एक क्लब में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम रखा गया है। एक घंटे तक चलने वाली इस बैठक में आगामी पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों को लेकर फीडबैक लिया जाएगा। बैठक के तुरंत बाद सीएम विशेष विमान से जयपुर के लिए उड़ान भरेंगे।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। जैसलमेर एयरपोर्ट से लेकर तनोट माता मंदिर और बैठक स्थल तक सुरक्षा के कड़े पहरे रहेंगे।
लोक कलाकार चम्पे खान को 'सिल्वर गज' सम्मान
इस बीच, जैसलमेर प्रवास पर आए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक कलाकार चम्पे खान को सम्मानित किया। सनावड़ा गांव के रहने वाले चम्पे खान ने एक विशेष रात्रिभोज कार्यक्रम में अपनी पारंपरिक लोकगायकी की प्रस्तुति दी थी।
उनकी मंगणियार गायकी, सूफियाना कलाम और मरुस्थलीय लोकधुनों से सजी प्रस्तुति ने अतिथियों को काफी प्रभावित किया। लोककला से प्रभावित होकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें 'सिल्वर गज' भेंट कर सम्मानित किया। अपनी कला के दम पर चम्पे खान अब तक 40 से अधिक देशों में राजस्थानी संस्कृति का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
