बुधवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एमआई रोड बाजार में बटन दबाकर 11 दिवसीय दीपोत्सव का आगाज किया। रोशनी जगमगाते ही जयपुर का ऐतिहासिक चारदीवारी परकोटा दूधिया रोशनी में नहा उठा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद आमजन का अभिवादन स्वीकार किया और प्रदेशवासियों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और एमआई रोड व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
जयपुर व्यापार महासंघ की ओर से शहर के 51 बाजारों में 11 दिन तक सामूहिक सजावट की जा रही है। नगर निगम ने इस बार सजावट के लिए 11 दिन की अनुमति दी है, जबकि पिछले साल तक यह अवधि सात दिन की होती थी। महासंघ के जनरल सेक्रेटरी सुरेश सैनी के मुताबिक, शहर के परकोटे की रोशनी देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक अपनी खास पहचान रखती है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार बाजारों को अलग-अलग थीम पर तैयार किया गया है।
राम मंदिर और राम सेतु का लाइव नजारा
इस बार छोटी चौपड़ पर सजने वाली झांकी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी। यहां 42 फीट चौड़ा और 36 फीट ऊंचा भव्य राम मंदिर तैयार किया गया है। इस झांकी में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, हनुमान, जामवंत के अलावा नल और नील समेत वानर सेना के प्रमुख पात्र नजर आएंगे।
खास बात यह है कि स्वचालित तकनीक के जरिए वानर सेना को समुद्र में राम सेतु का निर्माण करते हुए लाइव रूप में दिखाया जाएगा। नल और नील के निर्देशन में वानर सेना के सदस्यों द्वारा पत्थर उठाकर समुद्र में डालने के दृश्य को बेहद सजीव तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है।
थीम के हिसाब से सजे जयपुर के बाजार
स्थापना के 300वें वर्ष की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए इस बार बाजारों की सजावट में जयपुर की समृद्ध विरासत को प्राथमिकता दी गई है। एमआई रोड को पूरी तरह गुलाबी थीम में सजाया गया है, जबकि गणगौरी बाजार में हेरिटेज थीम नजर आएगी।
इसके अलावा चौड़ा रास्ता बाजार में देशभक्ति के रंग देखने को मिलेंगे। वहीं जौहरी बाजार और त्रिपोलिया बाजार को पूरी तरह धार्मिक थीम पर सजाया गया है। दीपोत्सव के दौरान शहर के इन प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए पहुंचने वाले लोगों के लिए यह सजावट मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
