केंद्रीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रशासनिक दक्षता के मामले में राजस्थान ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राज्य सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 12 राष्ट्रीय योजनाओं और कार्यक्रमों में देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा, 10 योजनाओं में दूसरा और 8 कार्यक्रमों में तीसरा स्थान हासिल कर प्रदेश ने अपनी स्थिति मजबूत की है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन को इसकी मुख्य वजह बताया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों और प्रशासनिक समन्वय की वजह से कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
सौर ऊर्जा, कृषि और स्वच्छता में अव्वल
कृषि और ऊर्जा क्षेत्र में राजस्थान ने रिकॉर्ड स्तर पर काम किया है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2025 में 2.18 करोड़ और रबी 2025-26 सत्र में 1.71 करोड़ पॉलिसियों के साथ राज्य देश में पहले स्थान पर रहा। वहीं, पीएम-कुसुम योजना के कंपोनेंट-ए के तहत सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना और कंपोनेंट-सी के अंतर्गत सौरकृत फीडरों के मामले में भी प्रदेश अव्वल रहा है।
स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़े अभियानों में भी सूबे ने बाजी मारी है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 के दौरान राज्यभर में 62 हजार 915 स्थलों पर 85 लाख से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया, जो देश में सर्वाधिक है। इसके अलावा, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत 'स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025' और पोषण पखवाड़ा 2026 की गतिविधियों में भी राजस्थान पहले स्थान पर रहा।
जनजातीय कल्याण और अंगदान क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान
सामाजिक कल्याण और स्वास्थ्य के मोर्चे पर धरती आबा जनभागीदारी अभियान में राजस्थान को बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट का दर्जा मिला है। वर्ष 2025 में अंगदान एवं प्रत्यारोपण के क्षेत्र में भी राज्य को राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया।
तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम में बेहतरीन काम के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा विशेष तंबाकू निषेध पुरस्कार 2026 दिया गया है। साथ ही, खनिज ब्लॉकों की नीलामी प्रक्रिया में अनुकरणीय प्रदर्शन के लिए भी प्रदेश को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ है।
दूसरा और तीसरा स्थान पाने वाले प्रमुख कार्यक्रम
विकास और कल्याणकारी योजनाओं की सूची में राजस्थान ने 10 क्षेत्रों में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इनमें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (फरवरी 2026 रैंकिंग), पोषण माह 2025, नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन के तहत आभा आईडी निर्माण, और पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत कौशल प्रशिक्षण व ऋण वितरण शामिल हैं।
इसके साथ ही, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित सड़कों की लंबाई और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में रूफटॉप सोलर आवेदन व वेंडर पंजीकरण के मामले में भी राज्य दूसरे स्थान पर रहा है। वहीं, पीएम-कुसुम योजना के कंपोनेंट-बी, टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान 2024 और जल संचय जनभागीदारी 1.0 अभियान के क्रियान्वयन में प्रदेश ने देश में तीसरा स्थान हासिल किया है।
