धनतेरस के मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार शाम जयपुर के मानसरोवर स्थित बड़ा बाजार में सपरिवार दीपावली की खरीदारी की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय स्ट्रीट वेंडर्स से मिट्टी के दीये, रंगोली, बंदनवार और पूजन सामग्री खरीदी तथा यूपीआई के जरिए भुगतान कर डिजिटल पेमेंट और 'वोकल फॉर लोकल' का संदेश दिया।
किरण पथ स्थित बड़ा बाजार पहुंचने पर स्थानीय व्यापार मंडल और आम नागरिकों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। बाजारों में मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर छोटे दुकानदारों और खरीदारी करने पहुंचे लोगों में उत्साह देखा गया।
वोकल फॉर लोकल और डिजिटल पेमेंट पर जोर
मुख्यमंत्री ने इस दौरान छोटे विक्रेताओं और व्यापारियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने मिट्टी के दीये और हस्तशिल्प उत्पाद खरीदकर स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने की अपील की। भुगतान के लिए पूरी तरह डिजिटल माध्यम का उपयोग करते हुए उन्होंने आमजन से भी स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
खरीदारी के इस सिलसिले के दौरान मुख्यमंत्री ने धनतेरस, छोटी दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज के आगामी त्योहारों पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
