श्योपुर जिले की विजयपुर तहसील में बस किराए को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। गोहटा गांव के करीब 20 लोगों ने अस्पताल के पास बालाजी कंपनी की यात्री बस को घेरकर जमकर तोड़फोड़ की और बस स्टाफ तथा यात्रियों के साथ मारपीट की। इस घटना में कंडक्टर के भाई, हेल्पर और तीन यात्रियों समेत पांच लोग घायल हो गए हैं। वहीं, हमलावरों पर कंडक्टर से करीब 20 हजार रुपये लूटने का भी आरोप है।
घटना के विरोध में स्थानीय लोगों और परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर शिवपुरी-मुरैना रोड पर चक्काजाम कर दिया। स्थिति के बेकाबू होने पर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
विवाद की शुरुआत और हमले की पूरी घटना
बालाजी कंपनी की यह यात्री बस वीरपुर से विजयपुर होते हुए ग्वालियर तक चलती है। पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, एक दिन पहले बस में यात्रियों से किराए के लेन-देन को लेकर कंडक्टर का कुछ लोगों से विवाद हुआ था।
इसी रंजिश के चलते गोहटा के करीब 20 लोग कुल्हाड़ी, तलवार और लाठियों से लैस होकर विजयपुर अस्पताल के पास पहुंच गए। हमलावरों ने चलती बस को रोककर उसके कांच फोड़ दिए और अंदर बैठे यात्रियों तथा कर्मचारियों पर हमला बोल दिया।
कंडक्टर अनिल कुमार गोस्वामी ने बताया- "किराए के विवाद में आरोपियों ने अचानक बस को घेर लिया। लाठी-डंडों से हमला करने के साथ गल्ले में रखे करीब 20 हजार रुपये भी छीन लिए गए।"
घायलों का इलाज और चक्काजाम
हमले में घायल हुए कंडक्टर के भाई, हेल्पर और तीन अन्य यात्रियों को तुरंत विजयपुर के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करते हुए अस्पताल के सामने शिवपुरी-मुरैना रोड पर जाम लगा दिया। शाम ढलने के बाद रात करीब 8:30 बजे प्रदर्शनकारियों ने जाम की जगह बदलकर क्वारी नदी के पुल पर आवागमन बाधित कर दिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद भी जब भीड़ नहीं हटी, तो स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
एफआईआर और पुलिस कार्रवाई
विजयपुर थाना पुलिस ने बस कंडक्टर अनिल कुमार गोस्वामी की शिकायत पर कार्रवाई की है। पुलिस ने नामजद आरोपियों में हक्की खान, रफीक खान, हफीज खान, शिवरात्रि खान, बंटी खान और बिट्टू खान के अलावा सात अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, बलवा, लूट और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों द्वारा दबिश दी जा रही है।
