राजस्थान के 35 से ज्यादा शहरों में रोबोट करेगा सीवरेज की सफाई, कर्मचारियों को मिलेगी जहरीली गैस और गंदगी से मुक्ति 

राजस्थान में अब सीवरेज चैंबर की सफाई का काम आधुनिक तकनीक से किया जाएगा। प्रदेश के 35 से ज्यादा शहरों में अब रोबोट के जरिए सीवरेज की सफाई की जाएगी, जिससे कर्मचारियों को गंदगी और जहरीली गैस के बीच उतरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जेन रोबोटिक इनोवेशन कंपनी के ‘बैंडीकूट’ रोबोट से यह काम किया जा रहा है। यह रोबोट करीब 5 से 6 कर्मचारियों का काम अकेले कर सकता है और 30 से 40 मिनट में सीवरेज चैंबर की सफाई पूरी कर देता है।

इस रोबोट में चार कैमरे और सेंसर लगे होते है  जो सीवरेज के अंदर की लाइव तस्वीरें मॉनिटर पर दिखाते हैं। साथ ही यह रोबोट सीवरेज चैंबर में मौजूद जहरीली गैसों की जानकारी भी देता है। करीब 30 फीट तक अंदर जाकर यह रोबोट कचरे को बाहर निकाल सकता है और इसके AI आधारित हाथ सीवरेज में जमा गंदगी को साफ करते हैं। यह रोबोट करीब 25 किलो तक कचरा बाहर ला सकता है।

रोबोट की मदद से सफाई के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा भी बढ़ेगी, क्योंकि सीवरेज में जहरीली गैसों के कारण कई हादसे सामने आ चुके हैं। इसमें लगे सेंसर गैस की मात्रा का पता लगाते हैं और बाहर मौजूद ऑपरेटर को जानकारी देते हैं। इसके अलावा रोबोट से निकाला गया कचरा ऑटोमैटिक डस्टबिन में डाला जाता है, जिससे कर्मचारियों को उसे हाथ से उठाने की जरूरत नहीं पड़ती।

फिलहाल जयपुर में तीन बैंडीकूट रोबोट काम कर रहे हैं, जबकि जोधपुर और भीलवाड़ा में इसका ट्रायल चल रहा है। इसके अलावा पाली, अजमेर, पुष्कर, जैसलमेर, राजसमंद, करौली, सूरतगढ़ समेत कई शहरों में भी इसका इस्तेमाल किया जाएगा। कंपनी के अनुसार देश के 21 राज्यों में यह प्रोजेक्ट पहले से चल रहा है।