मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आगामी 16 नवंबर को शहडोल जिले के दौरे पर रहेंगे। ब्यौहारी स्टेडियम में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान वे जिले को 342 करोड़ 61 लाख रुपये के 69 विकास कार्यों की सौगात देंगे। इस दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं, और कार्यक्रम में 20 हजार से अधिक लोगों के जुटने की संभावना है।
जयसिंहनगर और पपौंध में नए विद्युत उपकेंद्र
ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र में होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कुल 67 विकास कार्यों का भूमिपूजन और 2 कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इनमें सबसे बड़ा प्रोजेक्ट जयसिंहनगर और पपौंध में बनने वाले दो विद्युत उपकेंद्रों का है, जिन पर 291 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च होगी।
इनके अलावा जनजातीय कार्य विभाग के तहत 35 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से बनने वाले छात्रावास और स्कूलों के निर्माण कार्य भी इस पैकेज में शामिल हैं। साथ ही बाणसागर महाविद्यालय के विकास कार्य और ग्रामीण आजीविका से जुड़ी परियोजनाओं की नींव भी रखी जाएगी।
इन दो कार्यों का होगा लोकार्पण
भूमिपूजन के अलावा मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान दो तैयार हो चुके निर्माण कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इनमें बुढ़वा छात्रावास के अतिरिक्त कक्ष और नगपुरा के डोंगरीटोला में निर्मित बहुउद्देशीय भवन शामिल हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से अंचल में बुनियादी ढांचे का विस्तार होगा और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।
इस संबंध में नगरपालिका अध्यक्ष राजन गुप्ता और स्थानीय विधायक शरद जुगलाल कोल ने भी अपनी बात रखी है। प्रशासन के अधिकारियों के मुताबिक, कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि ब्यौहारी स्टेडियम पहुंचने वाली भीड़ को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
