छिंदवाड़ा जिला जेल में 14 नवंबर को बाल दिवस के अवसर पर एक मानवीय पहल देखने को मिली। जेल प्रशासन की ओर से विशेष 'स्पर्श मुलाकात' का आयोजन किया गया, जिसमें बंदियों के बच्चों को जेल परिसर में बुलाकर उनसे मिलने का अवसर दिया गया। लंबे समय बाद अपने बच्चों को सामने पाकर कई कैदी पिता भावुक हो उठे।
जेलर प्रतीक कुमार जैन के मार्गदर्शन में हुए इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जेल में बंद कैदियों और उनके बच्चों के बीच भावनात्मक जुड़ाव को बनाए रखना था। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर जहां अपनों से मिलने की खुशी साफ झलक रही थी, वहीं कई बंदियों की आंखें भी नम हो गईं।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और बच्चों को उपहार
मुलाकात के इस विशेष कार्यक्रम के दौरान जेल परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। नन्हे कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें जेल प्रशासन और सहयोगियों की ओर से उपहार भेंट किए गए।
इसके साथ ही बच्चों के लिए विशेष भोजन का भी प्रबंध किया गया था, जिसमें उन्होंने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस दौरान बंदियों ने भी अपने बच्चों को उपहार दिए। अपनों से दूर रहने का दर्द और बच्चों को करीब पाने की खुशी का यह पल कई बंदियों के लिए आत्मचिंतन का माध्यम बना।
मानवीय संवेदनाओं का संदेश
जेल अधिकारियों के मुताबिक, इस आयोजन का मकसद सिर्फ बाल दिवस मनाना नहीं था, बल्कि पारिवारिक रिश्तों और बच्चों के भावनात्मक अधिकारों को सहेजना था। इस पहल ने यह संदेश दिया कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, बच्चों के विकास के लिए माता-पिता का स्नेह जरूरी होता है। इस अवसर पर समाजसेवी दीपक राज जैन और दण्डित बंदी राधेश्याम यादव ने भी अपने विचार साझा किए।
