शाजापुर जिले के ग्राम भोपा खेड़ी में शनिवार को राजस्व और पुलिस के अमले ने शासकीय जमीन पर बने अवैध निर्माणों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की। इस अभियान के दौरान गांव में सरकारी भूमि पर बनी कई दुकानें और मकान जमींदोज कर दिए गए। मौके पर किसी भी तरह के विरोध या तनाव से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
नोटिस और अदालती आदेश के बाद एक्शन
प्रशासन की इस कार्रवाई से पहले नायब तहसीलदार मोहन बड़ोदिया ने 12 नवंबर को अतिक्रमणकर्ताओं को नोटिस जारी कर स्वतः कब्जा हटाने के निर्देश दिए थे। तय समयसीमा बीत जाने के बाद भी जब अवैध कब्जा नहीं हटाया गया, तब प्रशासन ने यह कदम उठाया।
इससे पहले इसी साल जून में वृत्त दुपाड़ा के नायब तहसीलदार न्यायालय ने भी इस शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटाकर जमीन का अधिकार शासन को सौंपने का आदेश दिया था। अदालत के आदेश और प्रशासनिक नोटिस की अनदेखी किए जाने के बाद शनिवार को संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण ढहा दिए।
एडिशनल एसपी ने संभाली कमान
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासनिक अमले के साथ भारी पुलिस बल मुस्तैद रहा। एडिशनल एसपी महेंद्र तारणेकर खुद पूरे समय मौके पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले रखी। राजस्व विभाग और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में दिनभर चली इस कार्रवाई के दौरान सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
