फिल्ममेकर संजय गुप्ता के निधन के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए उनकी 13 साल की बेटी दलई के एक वीडियो पर परिवार की तरफ से प्रतिक्रिया सामने आई है। दिवंगत निर्देशक की पत्नी अनुराधा लेखी गुप्ता ने बयान जारी कर इस पूरी घटना पर माफी मांगी है और लोगों से परिवार की निजता का सम्मान करने की अपील की है।
शनिवार देर शाम मुंबई में संजय गुप्ता के अंतिम संस्कार के बाद एक वीडियो इंस्टाग्राम और एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर तेजी से सर्कुलेट होने लगा था। इस वीडियो में उनकी 13 साल की बेटी दलई कथित तौर पर पपाराजी को अशलील इशारा करते हुए नजर आ रही थीं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स के बीच बहस छिड़ गई थी, जिसके बाद अनुराधा लेखी ने सामने आकर अपनी बात रखी है। राइटर-डायरेक्टर मिलाप जावेरी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए अनुराधा का यह आधिकारिक बयान शेयर किया है।
सदमे में हैं बच्चे, पपाराजी संस्कृति के नहीं हैं आदि
बयान में अनुराधा लेखी गुप्ता ने बताया कि उनके बच्चे अब तक लाइमलाइट और कैमरों की चकाचौंध से दूर पले-बढ़े हैं। अचानक पिता के निधन के सदमे से गुजर रहे बच्चे इस तरह के मीडिया कल्चर और दबाव के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थे।
परिवार की स्थिति का हवाला देते हुए अनुराधा ने अपने संदेश में लिखा, "अपने दुख और पीड़ा के बीच, हो सकता है कि बच्चों की कुछ प्रतिक्रियाएं मीडिया के कुछ लोगों की ओर रही हों। अगर इससे किसी को ठेस पहुंची है, तो मुझे सच में इसका खेद है।" उन्होंने आगे कहा कि इन प्रतिक्रियाओं को उसी रूप में देखा जाना चाहिए, जो एक असहनीय नुकसान से उबरने की कोशिश कर रहे दुखी बच्चों की स्वाभाविक भावनाएं हैं।
30 अक्टूबर को हुआ था संजय गुप्ता का निधन
'कांटे' और 'शूटआउट अट लोखंडवाला' जैसी चर्चित फिल्में बना चुके 57 वर्षीय फिल्ममेकर संजय गुप्ता का निधन 30 अक्टूबर 2026 की रात को हुआ था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह घर में देर रात अचानक गिर गए थे, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई थी। घटना के वक्त घर के सभी सदस्य सो रहे थे। अगले दिन शनिवार सुबह जब पत्नी और बच्चे उठे, तो उन्होंने संजय गुप्ता को फर्श पर बेसुध पाया था, जिसके बाद उनके निधन की पुष्टि हुई। परिवार अभी इस दुखद हादसे से उबरने की कोशिश ही कर रहा था कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दीं।
