मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए संकल्पबद्ध है। इसी दिशा में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क स्कूल यूनिफॉर्म हेतु प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) योजना शुरू की है। हमारा संकल्प है कि विद्यार्थियों में पढ़ने की बुनियादी क्षमता विकसित होने के साथ ही अध्ययन संस्कृति को बढ़ावा मिले और विद्यालयों में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण तैयार हो।
मुख्यमंत्री बुधवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भरतपुर की वैर तहसील के खेड़ली गुर्जर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ-सबका विकास के मूलमंत्र को आत्मसात करते हुए राज्य सरकार प्रदेश के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। हमारी सरकार केवल घोषणाएं ही नहीं करती, बल्कि समयबद्ध ढंग से उन्हें धरातल पर उतारने का कार्य करती है और यही हमारी कार्य संस्कृति का प्रमाण है।
समय पर युवाओं को मिल रहा रोजगार
उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। राज्य सरकार द्वारा ढाई वर्षों में 1 लाख 78 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। वहीं, 1 लाख 32 हजार से अधिक पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन व 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं को पूर्ण पारदर्शिता के साथ संचालित किया है तथा पेपर लीक माफिया के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की गई है।
1 करोड़ पात्र व्यक्तियों को खाद्य सुरक्षा से जोड़ा
उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी राज्य सरकार उल्लेखनीय कार्य कर रही है। खाद्य सुरक्षा योजना में 1 करोड़ पात्र व्यक्तियों के नाम जोड़े गए हैं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि को बढ़ाकर 1 हजार 450 रुपये प्रतिमाह, मा वाउचर योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क सोनोग्राफी और लाखों महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में लाकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया गया है। प्रदेश के किसानों को किसान सम्मान निधि के तहत 9 हजार रुपये दिए जा रहे है, जिसमें केन्द्र के 6 हजार रुपये के साथ राज्य सरकार 3 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता दे रही है। प्रदेश के 26 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध करवा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जल उपलब्धता को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, देवास परियोजना सहित अन्य जल परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। आधारभूत ढांचे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश में विभिन्न ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इनसे दूरियां कम होगीं और विकास बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री की डबल सौगात
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कक्षा 1 से 8 में अध्यनरत 40 लाख से अधिक पात्र विद्यार्थियों को निःशुल्क यूनिफॉर्म के लिए 250 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। उन्होंने 691 करोड़ रुपये से अधिक के शैक्षिक निर्माण कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास के साथ ही ‘मिशन पढ़ो राजस्थान’ के अंतर्गत रीडिंग प्रमोशन कैम्पेन का शुभारंभ, निपुण कैलेंडर का विमोचन, दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को टैबलेट का वितरण एवं शिक्षकों का सम्मान भी किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भरतपुर एवं डीग जिले को कुल 1186 करोड़ रुपये से अधिक के सड़क, विद्युत, डेªनेज सहित आधारभूत ढांचे के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने बालिका सैनिक स्कूल का भूमि पूजन एवं पौधारोपण भी किया।
मुख्यमंत्री ने की घोषणा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भुसावर के विकास को गति देने के लिए स्थानीय मांग को देखते हुए ब्रज क्षेत्रीय विकास योजना में भुसावर को भी शामिल करने की घोषणा की। उल्लेखनीय है कि ब्रज क्षेत्र के समन्वित विकास के लिए सम्पूर्ण डीग जिला एवं भरतपुर जिले की बयाना, रुपवास, सेवर, नदबई, वैर तहसील के गांवों को पहले से ब्रज क्षेत्रीय विकास योजना में शामिल किया गया है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। राजस्थान हॉकी टीम से स्वर्ण पदक जीतने वाले छात्र ने अपनी पढ़ाई और खेल के बीच समन्वय के बारे में बताया। वहीं, कुछ विद्यार्थियों ने अपने इनोवेशन्स और फ्यूचर के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों को अपनी रुचि के खेल, नवाचार और पढ़ाई के बीच समन्वय को लेकर प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही हमारे देश के सुदृढ़ भविष्य की नींव है।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश के सभी क्षेत्रों और सभी वर्गों का विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने बालिका और महिला सशक्तीकरण की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में बालिका सैनिक विद्यालय का निर्माण गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि राजकीय विद्यालयों के रिजल्ट में सुधार हो रहा है, जिसके लिए शिक्षक बधाई के पात्र हैं।
इस अवसर पर गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम, विधायक बहादुर सिंह कोली, जगत सिंह, शैलेश सिंह, ऋतु बनावत सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
