भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना ने गुरुवार को उज्जैन पहुंचकर विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने तड़के मंदिर में होने वाली पारंपरिक भस्म आरती में हिस्सा लिया और बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके साथ उनके भाई और भतीजे भी मौजूद रहे।
आरती संपन्न होने के बाद मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक आशीष फलवड़िया ने उनका स्वागत किया। दर्शन के बाद रैना ने मीडिया से बातचीत में अपने आध्यात्मिक अनुभव साझा किए।
बाबा महाकाल के दरबार में मिला अलौकिक अनुभव
महाकाल दर्शन के बाद सुरेश रैना काफी अभिभूत नजर आए। उन्होंने कहा कि भस्म आरती का अनुभव पूरी तरह से अलग और दिव्य था। मंदिर परिसर में मिलने वाली ऊर्जा किसी अन्य स्थान से बिल्कुल अलग स्तर की है।
उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं के प्रबंधन की भी तारीफ की। रैना के मुताबिक, तड़के से ही उमड़ने वाली भक्तों की भीड़ को संभालना और हर व्यवस्था को सुचारू रखना सराहनीय है। उन्होंने सेवा कार्यों में जुटे कर्मचारियों की मेहनत की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां सभी लोग एक साझा उद्देश्य के साथ काम कर रहे हैं। बातचीत के अंत में उन्होंने 'जय श्री महाकाल' का जयकारा भी लगाया।
