बुरहानपुर जिले में सावन के पावन अवसर पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। चिड़ियापानी से मां ताप्ती का पवित्र जल लेकर हजारों शिवभक्त 27 किलोमीटर की पैदल कांवड़ यात्रा करते हुए दर्यापुर के गुप्तेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग बोल-बम और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। जगह-जगह ग्रामीणों ने कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनाली प्रदीप पाटील के नेतृत्व में श्रद्धा कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। चिड़ियापानी से मां ताप्ती का जल कांवड़ में लेकर शिवभक्त पैदल गुप्तेश्वर महादेव मंदिर के लिए रवाना हुए।इस यात्रा में जिले के करीब 40 गांवों से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक अर्चना चिटनिस सहित जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी यात्रा में मौजूद रहे। कंधों पर कांवड़ और जुबां पर बोल-बम के जयघोष के साथ शिवभक्त पूरे उत्साह से आगे बढ़ते रहे।करीब 27 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद कांवड़िए दर्यापुर स्थित गुप्तेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां मां ताप्ती के पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की,“श्रद्धा कांवड़ यात्रा का आयोजन लगातार चौथे वर्ष किया जा रहा है। इसका उद्देश्य क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि के लिए भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना करना है। हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है और ग्रामीणों में भी यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिलता है।”27 किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए स्वागत और सेवा की व्यवस्थाएं की गईं। पूरे रास्ते भक्ति का माहौल नजर आया और बोल-बम के जयघोष से वातावरण शिवमय बना रहा।
27 किमी की कांवड़ यात्रा में गूंजा बोल-बम
मध्य प्रदेश
