हिन्दू धर्म में भगवान शिव की आराधना के लिए सोमवार का दिन समर्पित माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन सच्चे मन से महादेव की पूजा करने से भक्तों के सभी संकट दूर होते हैं और मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। इन्हीं व्रतों में सोलह सोमवार के व्रत का विशेष महत्व है। खासतौर पर अविवाहित लड़कियां अच्छे जीवनसाथी की कामना के लिए यह व्रत रखती हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस अनुष्ठान को विधि-विधान से पूरा करने वाले भक्तों पर भगवान शिव और माता पार्वती की विशेष कृपा बरसती है।
व्रत की शुरुआत और उद्यापन का नियम
सोलह सोमवार के व्रत को सावन, चैत्र, वैशाख, कार्तिक या माघ महीने के शुक्ल पक्ष के पहले सोमवार से शुरू किया जा सकता है। लगातार सोलह सोमवार तक नियमपूर्वक व्रत रखने के बाद सत्रहवें सोमवार को इसका उद्यापन किया जाता है।
इस अनुष्ठान से जुड़ी एक पौराणिक कथा भी काफी प्रचलित है, जो शिव पुराण और लोक कथाओं में मिलती है। कथा के अनुसार, एक बार भगवान शिव और माता पार्वती भ्रमण करते हुए अमरावती नगर पहुंचे। वहां के राजा ने महादेव के लिए एक भव्य मंदिर बनवाया था, जिसके शांत वातावरण में शिवजी ने कुछ समय विश्राम करने का निर्णय लिया।
पुजारी को श्राप और अप्सराओं का मार्गदर्शन
एक दिन माता पार्वती ने भगवान शिव के साथ चौसर खेलने की इच्छा जताई। दोनों खेल में मग्न थे कि तभी मंदिर का पुजारी पूजा करने वहां आ गया। माता पार्वती ने उससे पूछा कि इस बाजी में किसकी जीत होगी? पुजारी ने बिना विचारे कह दिया कि भगवान शिव विजयी होंगे।
हालांकि, खेल का परिणाम माता के पक्ष में आया और भविष्यवाणी गलत साबित होने पर देवी ने क्रोधित होकर पुजारी को कोढ़ से पीड़ित होने का श्राप दे दिया। इस गंभीर बीमारी के कारण पुजारी लंबे समय तक कष्ट में रहा।
कुछ समय बाद, स्वर्ग लोक से कुछ अप्सराएं भगवान शिव की आराधना करने उसी मंदिर में आईं। उन्होंने पुजारी की दयनीय स्थिति देखकर उसकी पूरी बात सुनी और उसे सोलह सोमवार का व्रत करने की सलाह दी।
व्रत की विधि और पूजन नियम
अप्सराओं ने पुजारी को व्रत का पूरा विधान समझाया। इसके अनुसार:
- सोमवार के दिन सुबह स्नान कर व्रत का संकल्प लें और दिनभर अन्न-जल का त्याग करें।
- संध्या के समय भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा करें।
- पूजा के लिए मिट्टी की तीन प्रतिमाएं बनाकर उन पर चंदन, अक्षत, घी, गुड़, दीपक और बेलपत्र अर्पित करें।
- भोग के लिए गेहूं के आटे से चूरमा तैयार कर महादेव को अर्पित करें।
- पूजा के बाद चूरमे को तीन भागों में बांट लें—एक हिस्सा जरूरतमंदों को दें, दूसरा गाय को खिलाएं और तीसरा खुद प्रसाद के रूप में ग्रहण करें।
- लगातार सोलह सोमवार तक इसी नियम से पूजा करें और सत्रहवें सोमवार को पांच सेर गेहूं के आटे का चूरमा बनाकर प्रसाद वितरित करें।
व्रत के चमत्कारी प्रभाव से जुड़ी कथाएं
अप्सराओं के बताए नियमों का पालन करते हुए पुजारी ने सोलह सोमवार का व्रत शुरू किया। कुछ समय बाद उसका रोग पूरी तरह ठीक हो गया। जब भगवान शिव और माता पार्वती दोबारा उस मंदिर में आए, तो स्वस्थ पुजारी ने उन्हें अपनी आरोग्यता का कारण बताया। यह सुनकर माता पार्वती ने भी यह व्रत किया, जिसके प्रभाव से उनका पुत्र कार्तिकेय पुनः उनके करीब आ गया।
कथा के अनुसार, कार्तिकेय ने भी जब यही व्रत किया तो उनका एक पुराना मित्र बिछड़ा हुआ वापस मिल गया। उस मित्र ने विवाह की कामना से यह व्रत रखा और इसके प्रभाव से एक राजा के स्वयंवर में हथिनी द्वारा माला पहनाए जाने पर उसका विवाह राजकुमारी से हो गया। आगे चलकर उस राजकुमार ने भी राज्य प्राप्ति की इच्छा से यह व्रत किया, जिससे उसे राजा का पद और मान-सम्मान प्राप्त हुआ।
रानी का त्याग और व्रत की महिमा
एक बार राजा ने अपनी पत्नी को शिव मंदिर चलने को कहा, लेकिन रानी ने दासियों को भेज दिया। राजा के अकेले पूजन के दौरान आकाशवाणी हुई कि उसे अपनी पत्नी को राज्य से बाहर करना होगा। राजा ने आज्ञा मानकर रानी को विदा कर दिया।
अनेक कष्ट झेलने के बाद रानी एक संत के आश्रम पहुंची। संत ने उसे अपनी गलती का अहसास कराते हुए सोलह सोमवार का व्रत करने की सलाह दी। रानी ने पूरी श्रद्धा से व्रत शुरू किया। कुछ समय बाद राजा को अपनी पत्नी की याद आई और उसने दूत भेजकर उसे आश्रम से वापस महल ले आया। इसके बाद दोनों ने नियमित रूप से यह व्रत किया और अंत में शिवलोक को प्राप्त हुए।
