प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित माय भारत खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर के सुबोध पीजी कॉलेज से इस कार्यक्रम से वीसी के माध्यम से जुड़े और प्रधानमंत्री का उद्बोधन सुना।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि युवा शक्ति भारत की सबसे बड़ी पूंजी है। युवाओं के धैर्य, आत्मविश्वास और अथक परिश्रम से ही विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है और अब गांव-गांव की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को नमन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस उनके अद्वितीय योगदान और खेल के प्रति समर्पण को याद करने का अवसर है।

संशोधित खेलो इंडिया योजना से खेलों को मिलेगी नई दिशा
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मानना है कि देश को पदक तभी मिलते हैं, जब देश में खेल संस्कृति का निर्माण होता है। प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व का ही परिणाम है कि आज भारत खेलों के क्षेत्र में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है तथा खेल राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा संशोधित खेलो इंडिया योजना में 36 हजार करोड़ रुपये के व्यय से खेलो को नई दिशा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद देश में खेल परिदृश्य में बदलाव आया है। प्रधानमंत्री ने युवाओं को आगे बढ़ाने का काम किया है। स्वामी विवेकानन्द ने कहा था कि 21वीं सदी भारत की होगी। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यह साकार हो रहा है। भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और तीसरे स्थान की ओर अग्रसर है। 

माय भारत युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का सशक्त माध्यम
उन्होंने कहा कि देश की लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से शुरू किया गया माय भारत डिजिटल प्लेटफॉर्म युवाओं को कौशल विकास, नेतृत्व और नागरिक भागीदारी के अवसर प्रदान कर उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागी बना रहा है। माय भारत केवल एक पोर्टल नहीं, बल्कि अमृत पीढ़ी के सामर्थ्य को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भी प्रदेश के युवाओं को खेल, कौशल विकास, रोजगार और सामुदायिक सहभागिता से जोड़ने के लिए ‘सुयोग’ प्लेटफॉर्म शुरू किया है। इसका उद्देश्य प्रदेश के हर गांव और हर वार्ड के युवा को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

खेलों के लिए राजस्थान में मजबूत हो रहा आधारभूत ढांचा
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश में खेलों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं, आर्थिक सुरक्षा और सम्मान के माध्यम से विश्वस्तरीय प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार किया जा रहा है। राज्य में 50 खेलो इंडिया केन्द्र स्थापित किए गए हैं तथा सवाई मानसिंह स्टेडियम में एथलेटिक्स, तीरंदाजी और बॉक्सिंग के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस व जयपुर में लगभग 101 करोड़ रुपये की लागत से महाराणा प्रताप खेलकूद विश्वविद्यालय की स्थापना भी की जा रही है।

3 हजार 540 खिलाड़ियों को 52 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले 186 खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अब तक 3 हजार 540 खिलाड़ियों को लगभग 52 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन एवं सहायता राशि प्रदान की है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में पहली बार खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2025 का सफल आयोजन किया गया। सात शहरों में आयोजित इन खेलों में 222 विश्वविद्यालयों के लगभग 7 हजार खिलाड़ियों ने भाग लिया। वहीं खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2025 में राजस्थान के खिलाड़ियों ने कुल 60 पदक जीतकर देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने हाल ही में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली अरुंधति चौधरी और कांस्य पदक जीतने वाले यशवीर सिंह की सराहना करते हुए कहा कि इन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

हर जिले में एक खेल को मिलेगा बढ़ावा
उन्होंने कहा कि राजस्थान युवा नीति-2026 के माध्यम से युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल, खेल और नेतृत्व विकास के नए अवसर सृजित किए गए हैं। एक जिला-एक खेल के माध्यम से प्रत्येक जिले में एक खेल को प्रोत्साहित किया जा रहा है। ओलंपिक खेलों में पदक जीतने के लक्ष्य के साथ राजस्थान टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि विभागीय अकादमियों के खिलाड़ियों का मैस भत्ता 2 हजार 600 रुपये से बढ़ाकर 4 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है।

युवाओं का आगे बढ़ाने के लिए तत्पर राज्य सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर बजट में युवाओं की इच्छाओं और अपेक्षाओं का ध्यान रखते हुए उन्हें पूरा कर रही है। हमारी सरकार ने भर्ती परीक्षाओं के लिए कैलेण्डर जारी किया है। अब तक 410 परीक्षाएं बिना किसी पेपर लीक के आयोजित की जा चुकी हैं और 1 लाख 89 हजार से अधिक नियुक्तियां दी गई हैं। साथ ही, 1 लाख 22 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी चल रही है। वहीं, निजी क्षेत्र में भी साढ़े चार लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आगे बढ़ाने में किसी प्रकार की कसर नहीं छोड़ रही है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि युवा मेहनत और लगन के साथ अपनी रूचि के क्षेत्रों में आगे बढ़ें। डबल इंजन सरकार युवाओं को खेलों सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर है। 

इससे पहले मुख्यमंत्री ने छठीं एशियन अंडर-18 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक विजेता लक्षिता, ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में रजत पदक विजेता मानव शर्मा, राज्य अंडर-23 में स्वर्ण पदक विजेता अविरल तिवारी और एचसीएल 81वीं राष्ट्रीय स्क्वैश चैंपियनशिप प्रतिभागी भूमिका पारीक से संवाद कर उनके सुझाव एवं अनुभव सुने। कार्यक्रम में सांसद राव राजेन्द्र सिंह, मंजू शर्मा एवं अन्य गणमान्यजन सहित खेल जगत के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।