Header Advertisement

धार जिले में जनजातीय कार्य विभाग का कारनामा

मध्य प्रदेश
धार जिले में जनजातीय कार्य विभाग का कारनामा

धार जिले के सरदारपुर मे जनजातीय कार्य विभाग में एक बड़ी लापरवाही सामने आई हैं। विभाग द्वारा वित्तीय अनियमितता के मामले में हटाए गए खंड स्त्रोत समन्वयक को पीएम श्री विद्यालय का प्रभारी प्राचार्य बना दिया गया। यह नियुक्ति पूरी तरह से नियमों के विपरीत कर दी गई। अब इसकी शिकायत कलेक्टर को की गई हैं। दरअसल सरदारपुर में बीआरसी के पद पर पदस्थ बुटसिंह भंवर को बीते माह कई वित्तीय अनियमितता के चलते पद से हटा दिया गया था। भंवर द्वारा हाईकोर्ट का रुख भी किया गया था लेकिन वहां भी उन्हें राहत नही मिली थी। वित्तीय अनियमितता के मामले में हटाए गए बुटसिंह भंवर पर निलंबन की कार्यवाही की जाना थी लेकिन अब बुटसिंह भंवर को पीएम श्री स्कूल गुमानपुरा का प्रभारी प्राचार्य बना दिया गया हैं। विभाग के सहायक आयुक्त द्वारा आदेश जारी करते हुए उन्हें विधिवत चार्ज भी दिलवा दिया गया। लेकिन नियमो के अनुसार बुटसिंह भंवर को किसी प्रकार का वित्तीय चार्ज नही दिया जा सकता हैं।जन सुनवाई में कलेक्टर राजीव रंजन मीना को शिकायत करने वाले मुन्नालाल मारू ने बताया कि बुटसिंह भंवर के विरुद्ध वित्तीय अनियमितता के कई मामले जांच में हैं। साथ ही इनके विरुद्ध सीएम हेल्पलाइन पर भी कई शिकायतें प्रचलन में हैं। वही बीआरसी के पद पर रहते हुए कई स्कूलों की मान्यता में भारी भ्रष्टाचार भी किया गया था। ऐसे में विभाग के सहायक आयुक्त द्वारा प्रभारी प्राचार्य का आदेश जारी कर स्कूल का चार्ज दिया जाना कई सवाल खड़े करता हैं।पीएम श्री स्कूल भारत सरकार की एक केंद्र प्रायोजित योजना है। इन स्कूलों में बच्चों के सर्वांगीण विकास, खेल-आधारित और प्रायोगिक शिक्षा पर जोर दिया जाता है। ऐसे में पीएम श्री स्कूल गुमानपुरा में वित्तीय अनियमितता वाले भ्रष्ट शिक्षक को स्कूल का प्राचार्य बनाना एक नए भ्रष्टाचार के अंदेशे को जन्म दे रहा हैं।वित्तीय अनियमितता के चलते बुटसिंह भंवर पर कार्यवाही हुई थी। जिसके बाद इन पर आवश्यक कार्यवाही करने हेतु जनजातीय कार्य विभाग के जिला परियोजना समन्वयक द्वारा सहायक आयुक्त को दिनांक 8 जनवरी 2026 को पत्र लिखा था। लेकिन कार्यवाही के बजाय बुटसिंह भंवर को पीएम श्री स्कूल गुमानपुरा का प्रभारी प्राचार्य बना दिया गया।वही इस मामले में जनजातीय विभाग के सहायक आयुक्त नरोत्तम वरखडे से चर्चा करना चाही तो उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
 

Advertisement