अजमेर जिले के पीसांगन उपखंड क्षेत्र के भड़सुरी गांव में पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। गांवों के कई घरों में निर्धारित 220 वोल्ट की जगह हाईवोल्टेज करंट दौड़ने से अफरा-तफरी मच गई है। इस तकनीकी खामी की वजह से घरों में लगे बिजली के मीटर और कई महंगे उपकरण जलकर खाक हो चुके हैं।
इस बीच, स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्युत विभाग ने महज छह घरों की बिजली काटकर अपनी औपचारिकता पूरी कर ली, जबकि गांव के 15 से 20 घरों में अब भी जानलेवा वोल्टेज आ रहा है।
भगवान भरोसे चल रहे आईटी केंद्र के आसपास के घर
आईटी केंद्र के आसपास रहने वाले परिवारों का कहना है कि वे बिना किसी सुरक्षा के जीने को मजबूर हैं। घरों में फ्रिज, टीवी और पंखे जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामान जल चुके हैं।
सरपंच प्रतिनिधि बलदेव गुर्जर ने बताया कि इस लापरवाही का सीधा असर मोहनलाल, सुवालाल, महेंद्र कुमार, भंवरलाल, रामकरण, गणेश, प्रभुलाल, मांगूराम, राजू, रंगलाल, कालूराम, रघुनाथ, रामसुख, भैरूलाल, रामूराम, हनुमान, तेजाराम, पुखराज, कैलाश और श्रवणलाल के परिवारों पर पड़ा है। इन ग्रामीणों को विभाग की अनदेखी का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
विभाग की कार्यप्रणाली पर ग्रामीणों में रोष
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग की इस लचर व्यवस्था से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। दो दिन बीत जाने के बाद भी विभाग की ओर से कोई ठोस या स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
सरपंच प्रतिनिधि बलदेव गुर्जर ने प्रशासन और बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सुरक्षित बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो ग्रामीणों को मजबूरन विरोध प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
