बॉलीवुड अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह ने शनिवार को अलीगढ़ के जिलाधिकारी (DM) और एसएसपी (SSP) से मिलकर अपनी पुश्तैनी संपत्ति पर अवैध कब्जे की शिकायत की है। अभिनेता का आरोप है कि जलालपुर एस्टेट की उनकी पैतृक हवेली और आसपास की जमीनों को उनके ही परिवार के कुछ सदस्यों ने फर्जी वसीयत और तहसील अधिकारियों की मिलीभगत से हड़प लिया है।
हवेली में घुसने पर रोक अभिनेता ने अपने भाई अभिमन्यु सिंह के साथ शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि जुलाई 2022 में पिता कैप्टन बलदेव सिंह के निधन के बाद स्थिति अचानक खराब हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि चाची और उनके बेटों ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए हवेली और जमीन पर कब्जा कर लिया है। अभिनेता के अनुसार, उन्हें अब अपनी ही पैतृक हवेली में प्रवेश करने से रोका जा रहा है।
फर्जी वसीयत और राजस्व दस्तावेजों में हेर-फेर अभिमन्यु सिंह ने आरोप लगाया कि 1997 में उनके दादा के निधन से एक दिन पहले एक फर्जी वसीयत तैयार की गई थी। उन्होंने दावा किया, "तहसील कार्यालय के कर्मचारियों और अधिकारियों की मिलीभगत से राजस्व दस्तावेजों में हेर-फेर की गई है। इस फर्जीवाड़े के जरिए बेशकीमती जमीनों को अवैध रूप से बेचा गया है।" अभिनेता का परिवार लंबे समय से मुंबई में रह रहा था, जिसका फायदा उठाकर यह पूरी साजिश रची गई।
कोर्ट में मामला, जल्द दर्ज होगा क्रिमिनल केस अभिनेता के भाई ने बताया कि इस मामले में अलीगढ़ की अदालत में सिविल सूट पहले ही दायर किया जा चुका है। अभिमन्यु पिछले दो महीने से साक्ष्य जुटाने में लगे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि इस जालसाजी में शामिल परिवार के सदस्यों के साथ-साथ उन स्थानीय नेताओं के खिलाफ भी जल्द ही आपराधिक मुकदमा (Criminal Case) दर्ज कराया जाएगा, जो इस संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।
1870 में बनी यह जलालपुर एस्टेट हवेली एक हेरिटेज प्रॉपर्टी है, जिसे लेकर अब कानूनी लड़ाई तेज हो गई है। अभिनेता की टीम ने सभी दस्तावेज जुटा लिए हैं और उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

