अमिताभ बच्चन ने तोड़ी चुप्पी, बोले- मेरी कोई सर्जरी नहीं हुई, मैं बिल्कुल ठीक हूं
बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर अपनी सर्जरी और आईसीयू में भर्ती होने की खबरों पर खुद सफाई देते हुए कहा है कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनकी कोई सर्जरी नहीं हुई है। दरअसल आपको बता दे मंगलवार को उन्होंने एक पोस्ट में अस्पताल, सर्जरी और आईसीयू का जिक्र किया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनके अस्पताल में भर्ती होने की अटकलें तेज हो गईं। अब अपने नए ब्लॉग में अमिताभ ने स्पष्ट किया कि उनकी पोस्ट को गलत समझा गया। उन्होंने बताया कि वह केवल एक उदाहरण दे रहे थे कि किसी बड़ी सर्जरी या आईसीयू से घर लौटने के बाद मरीज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से सबसे कठिन समय शुरू होता है। उन्होंने कहा कि उनका इशारा अपनी स्थिति की ओर नहीं, बल्कि अर्जेंटीना की हार के बाद फुटबॉलर लियोनेल मेसी जैसे चैंपियन की मानसिक स्थिति की ओर था, जो हार के बाद भावनात्मक संघर्ष से गुजरता है। बिग बी ने लिखा कि हर चैंपियन को एक दिन यह स्वीकार करना पड़ता है कि समय के साथ कोई नया चैंपियन उसकी जगह लेता है और यही जीवन का नियम है। उन्होंने यह भी कहा कि बीमारी या सर्जरी के बाद शरीर में आने वाले बदलावों को स्वीकार करना आसान नहीं होता, लेकिन इंसानी शरीर खुद को नई परिस्थितियों के अनुसार ढाल लेता है। वही इससे पहले भी मई 2026 में अमिताभ बच्चन के अस्पताल में भर्ती होने की खबरें सामने आई थीं, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ था कि वह केवल रूटीन हेल्थ चेकअप के लिए अस्पताल गए थे और उसी दिन घर लौट आए थे।
