लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में शामिल मृतक प्रसूताओं के परिजनों को जन सहयोग से एकत्र पांच-पांच लाख रूपए की राशि के चेक वितरित किए। बिरला ने प्रसूताओं के परिवार वालों से आत्मीयता से बात की, उनके बच्चों की देखभाल के बारे में जानकारी ली और उनका दुख साझा करते हुए भरोसा दिलाया कि इस दुखद घड़ी में पूरा समाज, सरकार और प्रशासन उनके साथ है।बिरला ने मृतका पायल के पति पवन मालवी, ज्योति वर्मा के पति रवि नायक, पिंकी के पति चन्द्र प्रकाश, शिरिन के पति मोहम्मद आशु तथा प्रिया महावर के पति रोहित महावर को पांच-पांच लाख रूपए के चेक सौंपे।इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि जिन प्रसूताओं की मौत हुई है उनके परिवार को सामाजिक-आर्थिक संबल मिले इसके लिए जन सहयोग से एकत्र पांच-पांच लाख रूपए की राशि के चेक उनके परिजनों को दिए गए हैं। साथ ही, जन सहयोग से प्रसूताओं के दुधमुहे बच्चों के लालन-पालन और भविष्य में अच्छी शिक्षा उपलब्ध करवाने, परिवार को केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का पात्रतानुसार लाभ दिलाते हुए उनकी आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति में सुधार लाने के प्रयास किए जाएंगे।लोकसभा अध्यश्र ओम बिरला की प्रेरणा से मृतका प्रसूताओं के परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करने के इस पुनित कार्य में एएसआई इण्डस्ट्रीज लिमिटेड, गोयल प्रोटीन्स लिमिटेड, एलन करियर इंस्टीट्यूट प्राइवेट लि., सीएफसीएल लिमिटेड़ एवं इण्डियन रेड क्रॉस सोसायटी की ओर से 5-5 लाख रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
मृतक प्रसूताओं के परिवारों को मिला आर्थिक संबल
आपणो राजस्थान

