बजाय ऑटो के इलेक्ट्रिक स्कूटर 'चेतक' ने भारतीय बाजार में एक नया मुकाम हासिल किया है। वाहन पोर्टल के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 6 नवंबर 2026 तक देश में चेतक की कुल बिक्री 10,01,135 यूनिट तक पहुंच गई है। जनवरी 2020 में अपनी शुरुआत करने वाले इस स्कूटर ने छह साल के भीतर यह बड़ा आंकड़ा छुआ है। इसके साथ ही बजाज ऑटो भारत में 10 लाख इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन बेचने वाली देश की तीसरी कंपनी बन गई है। इस क्लब में ओला इलेक्ट्रिक और टीवीएस मोटर कंपनी पहले ही शामिल हो चुकी हैं।
शुरुआती संघर्ष और फिर रफ्तार
शुरुआती दिनों में बजाज चेतक की बिक्री बहुत ज्यादा नहीं थी। साल 2020 में लॉन्चिंग के वक्त देश में इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार शुरुआती चरण में था और कंपनी के पास ईवी के लिए चुनिंदा बिक्री केंद्र ही थे। उस साल केवल 1,243 स्कूटर बिके थे। हालांकि, साल 2021 में यह आंकड़ा बढ़कर 4,765 और 2022 में 26,758 यूनिट पर पहुंच गया। साल 2023 आते-आते ब्रांड ने 75,112 यूनिट बेच दीं। इसके बाद देश में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की बढ़ती मांग और कंपनी के डीलरशिप नेटवर्क के विस्तार ने इसकी बिक्री को जबरदस्त रफ्तार दी।
साल 2024 और 2025 में आया टर्निंग पॉइंट
चेतक की बिक्री में सबसे बड़ा उछाल साल 2024 के दौरान देखने को मिला। उस साल अकेले 2,01,167 स्कूटर बिके, जो 2023 की 75,112 यूनिट की तुलना में 168 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी थी। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर बजाज ने भारतीय इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मार्केट में तीसरा स्थान हासिल कर लिया। उस साल ओला इलेक्ट्रिक 2,77,610 यूनिट के साथ पहले और टीवीएस 1,77,024 यूनिट के साथ दूसरे स्थान पर थी।
यह सिलसिला 2025 में भी जारी रहा। उस साल चेतक ने 2,79,691 यूनिट बेचीं, जो पिछले साल के मुकाबले 39 प्रतिशत अधिक थीं। इस उछाल ने बजाज को पहली बार बाजार में दूसरे नंबर पर ला खड़ा किया।
साल 2026 में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन
मौजूदा साल 2026 बजाज चेतक के लिए बेहद शानदार साबित हुआ है। ब्रांड ने 1 जनवरी से 6 नवंबर के बीच ही 4,12,409 स्कूटर बेच दिए हैं, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 73 प्रतिशत ज्यादा है। इस साल चेतक ने पहली बार 3 लाख और 4 लाख बिक्री के मील के पत्थर पार किए हैं। केवल तीसरी तिमाही में ही 1,36,040 स्कूटर बिके, जिससे भारतीय इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में चेतक की हिस्सेदारी बढ़कर 22 प्रतिशत हो गई है।
अक्टूबर 2026 में दर्ज की अब तक की सबसे बड़ी मासिक बिक्री
बजाय चेतक ने अक्टूबर 2026 में अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बनाते हुए 49,170 यूनिट बेचीं। यह किसी एक महीने में कंपनी की अब तक की सबसे अधिक बिक्री है। उद्योग जगत के अनुमानों के मुताबिक, अगर नवंबर और दिसंबर में भी यही तेजी बनी रही, तो कंपनी इस साल अकेले 5 लाख यूनिट का आंकड़ा छू सकती है। 6 नवंबर तक के आंकड़ों के अनुसार, मौजूदा साल में टीवीएस 4,81,704 यूनिट के साथ आगे चल रही है, जबकि बजाज 4,12,409 यूनिट के साथ दूसरे स्थान पर है।
