बांसवाड़ा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) न्यायालय में एक बड़ी ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी ने कोर्ट के लिपिक ग्रेड प्रथम (रीडर) संदीप कुमार नानावटी और होमगार्ड चालक राहुल चंदेल को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एसीबी उदयपुर रेंज के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के सुपरविजन और बांसवाड़ा इकाई के डीएसपी रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जमानत और मुकदमे में मदद के नाम पर सौदा
एसीबी के मुताबिक, यह रिश्वत एक विचाराधीन मुकदमे में सजा से बचाने, जमानत याचिका खारिज न कराने और आगे कानूनी सहायता देने की एवज में मांगी गई थी। एसीबी ने 11 अक्टूबर को रिश्वत की इस मांग का सत्यापन किया था। सत्यापन के दौरान ही आरोपी रीडर द्वारा 2 हजार रुपये खर्चे-पानी के तौर पर लेने की बात भी सामने आई थी।
जांच में यह बात साफ हुई कि होमगार्ड चालक राहुल चंदेल रीडर संदीप कुमार नानावटी के लिए ही रिश्वत की रकम वसूल रहा था। एसीबी की टीम ने ट्रैप के दौरान राहुल को 40 हजार रुपये लेते दबोचा और मुख्य भूमिका पाए जाने पर रीडर संदीप कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।
आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया
फिलहाल एसीबी की टीमें दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही हैं। इसके साथ ही उनके ठिकानों और निवास स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत नया प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। एसीबी अधिकारियों के मुताबिक, मामले में जुड़े अन्य पहलुओं और दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस खेल में और कौन-कौन शामिल था।
