ज जोधपुर पहुंचे प्रदेश के शिक्षा मंत्री और जिला प्रभारी मदन दिलावर ने रविवार को सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस पार्टी पर तीखे हमले किए। इस दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन (JJM) में हुए भ्रष्टाचार से लेकर पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल की नीतियों और बयानों पर कई गंभीर आरोप लगाए।
'जल जीवन मिशन का सारा पैसा खा गए'
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा 'बजट फाइल्स' सीरीज के तहत जल जीवन मिशन पर जारी किए गए वीडियो के सवाल पर मदन दिलावर ने कड़ा पलटवार किया।
दिलावर ने कहा- "उनके पास अब यही काम बचा है। उन्होंने कार्यकाल में कोई काम तो किया नहीं, सारा पैसा जल जीवन मिशन में खा गए और अब कह रहे हैं कि काम फाइलों में हो रहा है। सारा पैसा तो वे डकार गए, इसलिए अब चोर सलाह दे रहे हैं।"
उन्होंने आगे कहा कि भले ही उन्हें अब बात समझ आ रही है, लेकिन कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार करने वाले सभी लोगों के सरगना खुद गहलोत ही थे। मंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस राज में पीएचईडी (PHED) मंत्री से लेकर कई अन्य लोग जेल गए हैं, और आरपीएससी के एक सदस्य के खुलासे से साफ है कि नियुक्तियों के नाम पर पैसे वसूले जाते थे।
सोनिया गांधी की किताब और बाबरी ढांचे पर बयान
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की हालिया पुस्तक को लेकर पूछे गए सवाल पर शिक्षा मंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किताब में जिक्र है कि बाबरी ढांचा गिरते वक्त उनकी आंखों में आंसू आ गए थे।
दिलावर ने कहा- "वह कोई ढांचा नहीं, बल्कि एक कलंकित ढांचा था जिसे कारसेवकों ने ढहाया था, और यह खुशी की बात थी। हिंदुओं को अपमानित करने के लिए इस तरह की बातें कही जा रही हैं।"
उन्होंने आरोप लगाया कि 1990 में कश्मीर में कश्मीरी हिंदुओं को विस्थापित किए जाने, दिल्ली में सिखों पर अत्याचार और पहलगाम में पर्यटकों की हत्या के दौरान कांग्रेस नेताओं की आंखों में कभी आंसू नहीं आए। चाणक्य नीति का हवाला देते हुए उन्होंने विदेशी मूल के नेताओं को लेकर भी तीखी टिप्पणी की।
'आतंकवादियों को संरक्षण देती है कांग्रेस'
बाटला हाउस एनकाउंटर का जिक्र करते हुए मंत्री दिलावर ने कांग्रेस नेतृत्व पर आतंकियों को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया।
उन्होंने कहा- "जब बाटला हाउस में आतंकवादी मारे जा रहे थे, तब राहुल गांधी कह रहे थे कि मेरी मां रो रही थी। जब अजमेर हमलावर कसाब को फांसी होने वाली थी, तब कांग्रेस ने रात को 12 बजे सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे खटखटाए थे। कांग्रेस पार्टी आतंकवादियों के संरक्षणकर्ताओं का एक समूह है।"
