अंता नगर पालिका के नवनिर्वाचित बोर्ड की पहली बैठक परिसर में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। चेयरमैन प्रदीप नागर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के पार्षदों ने हिस्सा लिया, जहाँ शहर के विकास कार्यों और बुनियादी समस्याओं को लेकर लंबी चर्चा चली।
इस बैठक में चेयरमैन प्रदीप नागर सहित कांग्रेस के सभी 18 पार्षद और पालिका उपाध्यक्ष विष्णु कुमारी नागर समेत 16 भाजपा पार्षद मौजूद रहे। हालांकि, भाजपा समर्थित एक पार्षद घनश्याम मारन बैठक में शामिल नहीं हो सके। पालिका अधिशाषी अधिकारी दयावती सैनी की अगुवाई में नवनिर्वाचित चेयरमैन, उपाध्यक्ष और सभी पार्षदों का स्वागत किया गया।
महिलाओं की बढ़ी भागीदारी और वार्डों के मुद्दे
इस बार के बोर्ड में महिला पार्षदों की संख्या में इजाफा हुआ है। पिछले कार्यकाल के मुकाबले इस बार दोनों प्रमुख दलों से कुल 11 महिला पार्षद चुनकर आई हैं, जबकि पिछले बोर्ड में यह संख्या 7 थी।
बैठक की शुरुआत में ही पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में साफ-सफाई की कमी और अन्य बुनियादी समस्याओं को जोरदार तरीके से उठाया। कई पार्षदों ने इलाकों में व्याप्त परेशानियों को रखते हुए जल्द समाधान की मांग की। चेयरमैन प्रदीप नागर ने सभी पार्षदों को आश्वस्त किया कि वार्डों के विकास कार्यों से जुड़े प्रस्तावों का अनुमोदन कर लिया गया है और समस्याओं का जल्द निराकरण किया जाएगा।
