बड़वानी जिला मुख्यालय पर रविवार शाम आयोजित जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) की बैठक में स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर चुनावी रणनीति तैयार की गई। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के मौके पर हुई इस बैठक में संगठन ने आगामी पंचायत और नगर निकाय चुनावों में अपने प्रत्याशी मैदान में उतारने का ऐलान किया। साथ ही, जिले के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करते हुए 11 नए ब्लॉक अध्यक्षों के नामों की घोषणा भी की गई।
यह बैठक शहर के एक निजी होटल में संपन्न हुई, जिसमें ग्राम पंचायत से लेकर जिला पंचायत और नगर पालिका स्तर के चुनावों पर गहन मंथन किया गया।
11 ब्लॉकों में नए चेहरों को कमान
संगठन के शीर्ष नेतृत्व की अनुशंसा पर जिले के 11 ब्लॉकों में अध्यक्षों की नियुक्तियां की गई हैं। यह सूचियां जयस के राष्ट्रीय संरक्षक और मनावर विधायक डॉ. हीरालाल अलावा, प्रदेश अध्यक्ष इन्द्रपाल मरकाम, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. राजू पटेल और प्रदेश संरक्षक शिवभानु मंडलोई की सहमति के बाद जारी की गईं।
संगठन के प्रदेश प्रभारी डॉ. राजू पटेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि जयस का मुख्य फोकस मिशन 2028 पर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी समय में होने वाले जनपद पंचायत, जिला पंचायत, नगर पालिका और नगर परिषद के चुनावों में संगठन पूरी ताकत के साथ अपने उम्मीदवार उतारेगा।
इन मुद्दों पर रहेगा जोर
संगठन के विस्तार और आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर डॉ. पटेल ने कहा कि इस अभियान का मकसद जिले के हर गांव और ब्लॉक तक जयस की पहुंच बनाना है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ा जा सके। चुनाव के दौरान आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों, जल, जंगल, जमीन, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
