मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि जब वे पद पर थे, तब उनकी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई थी, लेकिन उन्होंने अपनी आंखें मूंदे रखीं और अब वह बेवजह आरोप की राजनीति कर रहे हैं। जब हमने विधानसभा में ‘हमारे दो साल बनाम उनके पांच साल’ के काम का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, तो कांग्रेस नेता बहस की बजाय सदन से भाग खड़े हुए। क्योंकि हमारे दो साल के कार्यकाल के काम उनके पांच साल के काम से भी कई गुना अधिक है। कांग्रेस को राजनीतिक आरोप लगाने की जगह विकास कार्यों पर जनता को जवाब देना चाहिए।
कांग्रेस पर हमला
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को पाली में निकाय चुनाव को लेकर रोड शो को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक सत्ता में रहते हुए राजस्थान के विकास को बाधित किया। वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने प्रदेश को विकास की नई दिशा दी है और हमने संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत वादे ढाई वर्ष में ही पूरे कर दिए हैं।
वन स्टेट,वन इलेक्शन पर बड़ी बात
उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस नेता भाजपा सरकार के निर्णयों को असंभव बताते थे, आज वही लोग इन फैसलों को धरातल पर साकार होते हुए देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि वन स्टेट, वन इलेक्शन को लेकर कांग्रेस के नेता कहते थे कि राजस्थान में यह व्यवस्था लागू नहीं हो सकती। उन्होंने लगातार दो-ढाई साल तक निकाय के चुनाव कराए, दो साल तक पंचायतों के चुनाव कराए। जिसमें जनता की गाढ़ी कमाई खर्च होती थी। लेकिन भाजपा सरकार ने वन स्टेट, वन इलेक्शन की दिशा में आगे बढ़कर कांग्रेस के दावों को गलत साबित कर दिया है।
कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने बिजली, रोडवेज, डेयरी और सहकारिता सहित विभिन्न क्षेत्रों को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था, जबकि भाजपा सरकार पारदर्शिता, सुशासन और विकास के आधार पर व्यवस्था को आगे बढ़ा रही है। प्रदेश अब अन्य राज्यों को बिजली देने की स्थिति में पहुंचा है। रोडवेज में 1000 बसें खरीदी जा चुकी हैं तथा 1000 नई बसें और लाई जा रही हैं। इसी प्रकार डेयरी क्षेत्र में भी उल्लेखनीय वृद्धि के साथ दूध की मात्रा 34 लाख लीटर से बढ़कर 47 लाख लीटर हो गई है।
नौकरियों पर की बात
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने युवाओं को 4 लाख सरकारी नौकरी तथा 6 लाख निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के संकल्प पर भी सवाल उठाए थे। क्योंकि उनके कार्यकाल में एक के बाद एक पेपरलीक होते थे, जबकि हमारी सरकार ने बिना पेपरलीक के ढाई वर्ष में ही 1 लाख 89 हजार सरकारी नौकरियां देने का काम किया है। वहीं, 1 लाख 22 हजार परीक्षाएं आयोजित हो चुकी हैं, जबकि 70 हजार पदों पर नई भर्तियां भी निकाली गई हैं।
रोड शो के बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने चुनावी रणनीति पर चर्चा करते हुए कहा कि कार्यकर्ता संगठन की शक्ति हैं और जन-जन से संवाद कर भाजपा प्रत्याशियों के लिए व्यापक जनसमर्थन जुटाएं।
इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री मदन राठौड़, सांसद श्री पी.पी चौधरी, केन्द्रीय पर्यवेक्षक श्रीमती संगीता यादव, पूर्व विधायक श्री ज्ञानचंद पारख, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री सुनिल भंडारी सहित भाजपा के पदाधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
-------
