राजस्थान के भरतपुर जिले के बयाना से पूर्व विधायक और बीजेपी नेता अतर सिंह भड़ाना (68) की रविवार शाम भौंड़ा गांव स्थित उनके क्रेशर खनन प्लांट पर लाठी-पत्थरों से पीटकर हत्या कर दी गई। इस हमले में उनके सहयोगी गगन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान पूर्व विधायक ने दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, हमलावरों की पहचान की जा रही है और परिजनों की शिकायत पर 35 से 40 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद भड़ाना का शव उनके पैतृक गांव हरियाणा के फरीदाबाद जिले के पाली के लिए रवाना कर दिया गया है, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पत्थरों और लाठियों से हमला, दो साल से चल रहा था विवाद
पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि अतर सिंह रविवार शाम करीब 6:30 बजे भौंड़ा गांव में अपने क्रेशर प्लांट पर पहुंचे थे। तभी अचानक 70 से 80 लोगों की भीड़ ने उन पर लाठी-पत्थरों से हमला बोल दिया। हमले में उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
घायल अवस्था में उन्हें पहले वैर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से हालत गंभीर होने पर जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। भरतपुर एसपी राजेश मीणा ने बताया कि घटना के संबंध में एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है और शुरुआती जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस टीमों का गठन कर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है।
राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया
पूर्व विधायक की हत्या को लेकर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले में ही सत्ताधारी दल के पूर्व विधायक सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह विवाद पिछले दो साल से चल रहा था, लेकिन पुलिस और प्रशासन की लापरवाही के कारण यह नौबत आई।
कोटा उत्तर के पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने भी इस घटना को लेकर सरकार और पुलिस प्रशासन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने दावा किया कि संभावित खतरे को लेकर प्रशासन को पहले ही आगाह किया गया था, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए घटना की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग उठाई। वैर थाना पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।
