सोना-चांदी में आई बड़ी गिरावट खरीददारों को मिली राहत
सोने और चांदी की कीमतों में बुधवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई है... जिससे निवेशकों और खरीददारों को राहत मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के मुताबिक 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 1,105 रुपये घटकर 1.44 लाख रुपये पर आ गया, जबकि एक किलो चांदी 794 रुपये सस्ती होकर 2.27 लाख रुपये के स्तर पर पहुंच गई। जून महीने में अब तक सोने की कीमतों में 12,573 रुपये की गिरावट आ चुकी है, जबकि चांदी भी करीब 36 हजार रुपये से अधिक सस्ती हुई है। वर्ष 2026 की शुरुआत से ही दोनों कीमती धातुओं में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 29 जनवरी को सोना 1.76 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था, लेकिन उसके बाद से इसमें लगातार नरमी बनी हुई है और अब तक इसके दाम 31 हजार रुपये से ज्यादा घट चुके हैं। वहीं चांदी भी जनवरी में 3.86 लाख रुपये प्रति किलो के उच्चतम स्तर तक पहुंची थी, जिसके बाद इसमें बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों, निवेशकों की बदलती रणनीति और अंतरराष्ट्रीय बाजार के प्रभाव के कारण सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी है। विशेषज्ञों ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि सोना खरीदते समय हमेशा बीआईएस हॉलमार्क वाला प्रमाणित आभूषण ही खरीदें और खरीदारी से पहले विभिन्न विश्वसनीय स्रोतों से कीमतों की पुष्टि अवश्य कर लें...

