भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी ने पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा सरकार पर लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि निकाय चुनाव में कांग्रेस अपनी जमीन खिसकती देखकर बौखला गई है। खाचरियावास के बयान विकास और जनहित के मुद्दों पर नहीं, बल्कि केवल राजनीतिक हताशा और निराशा को दर्शाते हैं। बगडी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का रोड शो जनता से संवाद और सरकार के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का माध्यम है। मुख्यमंत्री का रोड शो किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है। भाजपा का जनसंपर्क कार्यक्रम पूरे प्रदेश और राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में जनता से संवाद का माध्यम है। कांग्रेस नेताओं को यह समझ लेना चाहिए कि केवल बयान देने से जनता का विश्वास वापस नहीं मिलता। जनता ने कांग्रेस के शासन का अनुभव किया है और अब वह भाजपा सरकार के कामकाज की तुलना कर रही है।
खाचरियावास पर बोला हमला
भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगडी ने कहा कि चुनाव के दौरान शराब बांटने जैसे गंभीर आरोप लगाना आसान है, लेकिन लोकतंत्र में आरोपों का आधार और प्रमाण भी जनता के सामने रखना चाहिए। यदि खाचरियावास के पास कोई तथ्य, वीडियो, शिकायत या प्रमाण है तो उसे संबंधित निर्वाचन एवं प्रशासनिक अधिकारियों के सामने प्रस्तुत करें। बिना प्रमाण के आरोप लगाना केवल चुनावी सनसनी पैदा करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव सरकार गिराने या मुख्यमंत्री बदलने का चुनाव नहीं है। बल्कि यह चुनाव स्थानीय निकायों का कायाकल्प का चुनाव है। भाजपा ने इसके लिए अपना संकल्प पत्र भी जारी किया है। प्रताप सिंह सहित कांग्रेस के नेता बार-बार प्रदेश की जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जनता अब 'आरोपों की राजनीति नहीं, काम की राजनीति' चाहती है।
कांग्रेस अपने शासन का हिसाब दे
भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी ने कहा कि प्रताप सिंह को यह समझ लेना चाहिए कि केवल मुख्यमंत्री और भाजपा नेताओं पर व्यक्तिगत टिप्पणियां करने से कांग्रेस की खोई हुई जमीन वापस नहीं आने वाली। कांग्रेस को पहले अपने शासन का हिसाब देना चाहिए और फिर भाजपा सरकार से सवाल पूछने चाहिए। ये ही कांग्रेस से जिसने प्रदेश को भ्रष्टाचार, बलात्कार, अपराध, महिला अपराध में नंबर वन बना दिया था। इनता ही नहीं, प्रदेश की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की तुष्टिकरण की नीतियों के चलते जोधपुर, करौली सहित प्रदेश के विभिन्न जगहों पर रामनवमी या हनुमान जयंती जैसे त्योहारों के समय पथराव और हिंसक घटनाएं बढ़ीं, लेकिन आज भजनलाल सरकार ने इन सभी आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण करने का काम किया है। भाजपा की भजनलाल सरकार की स्पष्ट नीति है कि अपराधी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून से ऊपर कोई नहीं है। अपराध के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है और सरकार कानून व्यवस्था को लेकर पूरी तरह गंभीर है।
कांग्रेस के नेता मगरमच्छ के आंसू बहा रहे
भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी ने कहा कि जयपुर की सड़कों, यातायात और अन्य समस्याओं पर कांग्रेस नेताओं को मगरमच्छ के आंसू बहाने के बजाय यह बताना चाहिए कि वर्षों तक सत्ता में रहते हुए उन्होंने इन समस्याओं का स्थायी समाधान क्यों नहीं किया। कांग्रेस ने अपने शासन में महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों के लिए क्या ठोस काम किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। निकाय चुनाव में जनता कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति और भाजपा के विकास के एजेंडे के बीच अपना निर्णय स्वयं करेगी।
