राजस्थान में बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए भजनलाल सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राजस्थान में पीएम सूर्य घर योजना का उपभोक्ता को लाभ मिलेगा। पहले उपभोक्ता को अपने स्तर पर सोलर रूफटॉप लगवाना पड़ता था, और बाद में निर्धारित सब्सिडी मिलती थी, लेकिन नए यूटिलिटी लेड एग्रीगेशन मॉडल में यह जिम्मेदारी सीधे डिस्कॉम निभाएगा, यानी पात्र उपभोक्ताओं को सोलर सिस्टम लगाने के लिए शुरुआती निवेश नहीं करना होगा । इस मॉडल के तहत मुख्यमंत्री निशुल्क बिजली योजना के तहत 150 यूनिट तक मासिक बिजली खपत वाले उपभोक्ताओं के घरों पर डिस्कॉम 1.1 किलोवाट क्षमता के रूफटॉफ निशुल्क लगाएगा। डिस्कॉम के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, नए मॉडल का उद्देश्य पीएम सूर्य घर योजना का दायरा बढ़ाना और अधिक से अधिक घरों तक सौर ऊर्जा पहुंचाना है। इसके तहत पात्र उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप लगाने के लिए किसी प्रकार का भुगतान नहीं करना होगा। पूरी प्रक्रिया डिस्कॉम की निगरानी में होगी, जिससे गुणवत्ता और समयसीमा में लागू करना सुनिश्चित किया जा सके। यानी पात्र उपभोक्ताओं को सोलर सिस्टम लगाने के लिए शुरुआती निवेश नहीं करना होगा. डिस्कॉम ही उपकरणों की खरीद, स्थापना, गुणवत्ता नियंत्रण और अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं का प्रबंधन करेगा। सरकार का मानना है कि इस मॉडल से सोलर रूफटॉप लगाने की रफ्तार तेज होगी। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलेगा और बिजली उत्पादन में स्वच्छ ऊर्जा की हिस्सेदारी भी बढ़ेगी। इससे घरेलू बिजली बिल में कमी आने के साथ-साथ पारंपरिक बिजली पर निर्भरता भी घटेगी, इस मॉडल के तहत पहले चरण में करीब 3 लाख घरों पर मुफ्त सोलर रूफटॉप लगाए जाएंगे।
भजनलाल सरकार की 3 लाख परिवारों को मुफ्त सोलर पैनल की सौगात
आपणो राजस्थान

