शारदीय नवरात्रि की नवमी पर छिंदवाड़ा के 'कमल कुंज' आवास पर हर साल की तरह इस बार भी कन्या भोज का आयोजन किया गया। पूर्व सांसद नकुलनाथ ने पारंपरिक अनुष्ठान के तहत बड़ी संख्या में कन्याओं को आमंत्रित कर उन्हें अपने हाथों से भोजन कराया।
चरण स्पर्श कर लिया आशीर्वाद
कार्यक्रम के दौरान नकुलनाथ ने सभी कन्याओं के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर आमंत्रित कन्याओं को विविध व्यंजनों के साथ उपहार भी भेंट किए गए। अनुष्ठान के बाद नकुलनाथ ने क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
वर्षों पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प
कन्या भोज के इस आयोजन के बाद पत्रकारों से चर्चा में पूर्व सांसद ने कहा कि कमल कुंज में कन्या पूजन की यह परंपरा कई वर्षों से चली आ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस परंपरा का निरंतर पालन किया जा रहा है और आगे भी इसे पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ जारी रखा जाएगा। नवरात्रि की नवमी तिथि पर कन्याओं को देवी का रूप मानकर भोजन कराने और उनका आशीर्वाद लेने का विशेष महत्व माना गया है।
