जंतर-मंतर पर तीसरे दिन CJP का प्रदर्शन जारी
NEET पेपर लीक विवाद को लेकर जंतर-मंतर पर Cockroach Janata Party का प्रदर्शन तीसरे दिन भी लगातार जारी है.... प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan के इस्तीफे और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग पर अड़े हुए हैं। आंदोलन का नेतृत्व अभिजीत दीपके कर रहे हैं, जिन्होंने प्रदर्शनकारियों से शाम को मोमबत्तियां लेकर जंतर-मंतर पहुंचने और कथित तौर पर परीक्षा से जुड़े तनाव में जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि देने की अपील की है। दीपके का दावा है कि आंदोलन को देशभर से समर्थन मिल रहा है और लगातार बड़ी संख्या में छात्र व युवा जंतर-मंतर पहुंच रहे हैं। उन्होंने किसानों से भी इस आंदोलन में शामिल होने का आह्वान करते हुए कहा कि जिस तरह छात्रों ने किसान आंदोलनों का समर्थन किया था, अब किसानों को छात्रों के साथ खड़ा होना चाहिए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि निर्धारित अनुमति अवधि समाप्त होने के बाद भी वे शांतिपूर्ण तरीके से धरने पर बैठे हैं, लेकिन उन्हें पानी, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं अभिजीत दीपके ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि प्रदर्शनकारियों की मदद करने वाले लोगों से पहचान और अन्य जानकारी पूछी जा रही है। इस बीच NEET परीक्षा और उससे जुड़े तनाव को लेकर देशभर में बहस तेज हो गई है। संगठन का कहना है कि पिछले कुछ सप्ताह में परीक्षा से जुड़े दबाव के कारण कई छात्रों ने आत्महत्या की है, जिसे लेकर छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी है। गौरतलब है कि CJP का गठन हाल ही में एक न्यायिक टिप्पणी के बाद हुआ था और सोशल मीडिया पर इसे तेजी से समर्थन मिला है। संगठन का कहना है कि उसकी ऑनलाइन मुहिम को लाखों लोगों का समर्थन प्राप्त है और आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप देने की तयारी है।

