डीडवाना में मधुमक्खियों का हमला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लाडनूं रोड पुलिया के पास शुक्रवार को मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला बोल दिया। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। क्षेत्र में पिछले तीन दिनों के भीतर इस तरह की यह तीसरी घटना है, जिससे स्थानीय लोगों में लगातार दहशत बढ़ती जा रही है।
अस्पताल में चल रहा है इलाज
घायलों की पहचान जेवलिया बास गांव निवासी कैलाश खोखर और कुसुंबी निवासी भागूराम मेघवाल के रूप में हुई है। दोनों बाइक पर सवार होकर लाडनूं रोड पुलिया के पास से गुजर रहे थे, तभी मधुमक्खियों ने उन पर धावा बोल दिया।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस के जरिए दोनों घायलों को तत्काल राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, दोनों घायलों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
तीन दिन में लगातार तीसरी घटना
डीडवाना शहर में मधुमक्खियों के हमलों का सिलसिला लगातार बना हुआ है। इससे एक दिन पहले गुरुवार शाम को भी इसी स्थान पर मधुमक्खियों के हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
वहीं, इस घटना से ठीक एक दिन पहले शहर के अलग-अलग इलाकों में कुल सात लोग मधुमक्खियों के डंक का शिकार हो चुके हैं। लगातार हो रहे इन हमलों की वजह से लाडनूं रोड पुलिया और आसपास के इलाकों से गुजरने वाले लोगों में भारी डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस समस्या के समाधान के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।
