राजधानी दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में जहरीली हवा का संकट गहराता जा रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, इलाके के कई हिस्सों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 'गंभीर' श्रेणी में दर्ज किया गया है। ITO में AQI 414 और नोएडा सेक्टर-62 में यह 439 तक पहुंच गया है।
बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टरों का कहना है कि हवा में मौजूद प्रदूषित कण फेफड़ों को सीधे नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे अस्थमा और दिल के मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है।
इन इलाकों में हवा सबसे ज्यादा जहरीली
CPCB के आंकड़ों के अनुसार, प्रदूषण का स्तर लगातार उच्च बना हुआ है।
- नोएडा सेक्टर-62: AQI 439 (गंभीर श्रेणी)
- ITO, दिल्ली: AQI 414 (गंभीर श्रेणी)
- चांदनी चौक: AQI 391 (बेहद खराब)
- कनॉट प्लेस: AQI 326 (बहुत खराब)
डॉक्टरों की सलाह: मॉर्निंग वॉक से बचें, N95 मास्क का इस्तेमाल करें
खतरनाक स्तर पर पहुंचे प्रदूषण के बीच लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है। डॉक्टरों के मुताबिक, सुबह के समय हवा में प्रदूषक तत्वों का घनत्व सबसे ज्यादा होता है, इसलिए खुले में मॉर्निंग वॉक या एक्सरसाइज करने से पूरी तरह बचना चाहिए।
यदि किसी को बेहद जरूरी काम से घर से बाहर निकलना पड़े, तो अच्छी फिटिंग वाला N95 मास्क पहनना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। साधारण कपड़े का मास्क इस जहरीले धुएं और सूक्ष्म कणों (PM2.5) को रोकने में कारगर नहीं है।
प्रदूषण से राहत कब?
दिल्ली-NCR के लोगों के सामने अब भी यही बड़ा सवाल बना हुआ है कि इस जहरीली हवा से पूरी तरह राहत कब मिलेगी। मौसम विभाग और पर्यावरण विशेषज्ञों का मानना है कि हवा की गति तेज होने और तापमान में बदलाव के बाद ही वायु गुणवत्ता में सुधार की कोई उम्मीद की जा सकती है। फिलहाल लोगों को अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
