वरी कलां।। देवरी विधानसभा क्षेत्र में बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराध, अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के कारोबार तथा जुआ-सट्टा सहित महिला अपराधों के मुद्दे को लेकर पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में पुलिस महानिदेशक के नाम 8 सूत्रीय ज्ञापन देवरी थाना प्रभारी को सौंपा गया।
ज्ञापन सौंपने से पहले बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता गैस एजेंसी के पास एकत्रित हुए और नगर के प्रमुख मार्गों से रैली निकालते हुए जोरदार नारेबाजी की। रैली एसडीओपी कार्यालय पहुंची, जहां पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
हर्ष यादव ने पुलिस प्रशासन और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि “पुलिस प्रशासन कानून व्यवस्था और आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा को छोड़कर राजनीतिक जी-हुजूरी में व्यस्त है।” उन्होंने कहा कि देवरी विधानसभा क्षेत्र के देवरी, केसली, गौरझामर एवं महाराजपुर थाना क्षेत्रों में अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं और आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है।उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब, गांजा, स्मैक एवं अन्य मादक पदार्थों की बिक्री, जुआ-सट्टा, चोरी, लूट, मारपीट, गोलीकांड, महिला अपराध तथा नाबालिग बालिकाओं के गुमशुदगी और अपहरण जैसी घटनाएं गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही हैं।
बंडा में जहरीली शराब से मौतों की जांच की मांग
ज्ञापन में सागर जिले के बंडा विधानसभा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस ने मांग की कि घटना में मृतकों की संख्या और घटना से संबंधित सभी तथ्य सार्वजनिक किए जाएं। यदि पुलिस अथवा आबकारी विभाग के अधिकारियों की लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ तत्काल निलंबन एवं विभागीय कार्रवाई की जाए।ज्ञापन में मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने, मामले की सीबीआई जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग भी की गई।
अवैध शराब के पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई की मांग
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि देवरी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण और नगरीय इलाकों में अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। कई गांवों में खुलेआम अवैध शराब बिक्री के कारण सामाजिक एवं पारिवारिक विवाद तथा घरेलू हिंसा की घटनाएं बढ़ रही हैं।ज्ञापन में अवैध शराब बिक्री के प्रमुख केंद्रों को चिन्हित करने, शराब की सप्लाई के स्रोत और मुख्य तस्करों तक पहुंचने तथा केवल छोटे विक्रेताओं पर कार्रवाई करने के बजाय पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच करने की मांग की गई।
युवाओं में बढ़ते नशे पर जताई चिंता
देवरी क्षेत्र में स्मैक पाउडर और अन्य मादक पदार्थों के बढ़ते कारोबार को लेकर भी कांग्रेस ने चिंता जताई। ज्ञापन में कहा गया कि युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति का असर सामाजिक व्यवस्था पर पड़ रहा है और अपराधों में भी वृद्धि की आशंका है।कांग्रेस ने स्मैक एवं अन्य मादक पदार्थों के प्रमुख सप्लायरों की पहचान करने, स्थानीय पेडलरों के साथ बड़े तस्करों और सप्लाई नेटवर्क की जांच करने तथा दूसरे जिलों एवं प्रदेशों से आने वाले मादक पदार्थों की सप्लाई लाइन को चिन्हित करने की मांग की। सागर, दमोह, नरसिंहपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से जुड़े नेटवर्क की संयुक्त जांच की मांग भी ज्ञापन में की गई।
धार्मिक स्थलों में चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई की मांग
ज्ञापन में देवरी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों में हुई चोरी की घटनाओं पर भी गंभीर चिंता जताई गई। कांग्रेस ने कहा कि लगातार धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने से श्रद्धालुओं में असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो रही है।सभी घटनाओं की गंभीरता से जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा चोरी गई सामग्री की बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की गई।
जुआ-सट्टा और रिस्क के अड्डों पर कार्रवाई की मांग
कांग्रेस ने देवरी एवं केसली विकासखंड मुख्यालय सहित गौरझामर और महाराजपुर क्षेत्र में जुआ-सट्टा एवं रिस्क के संचालन का मुद्दा भी उठाया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि इन गतिविधियों को राजनीतिक संरक्षण और पुलिस की मिलीभगत प्राप्त होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।कांग्रेस ने मांग की कि रिस्क और जुआ फड़ों के स्थानों को चिन्हित कर निर्जन स्थानों, खेतों एवं वन क्षेत्रों में संचालित अड्डों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही फड़ संचालित करने वाले मुख्य व्यक्तियों और आर्थिक रूप से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
महिला अपराधों की थाना-वार समीक्षा की मांग
ज्ञापन में देवरी विधानसभा क्षेत्र के चारों थाना क्षेत्रों में महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ सहित अन्य महिला अपराधों की शिकायतों पर चिंता जताई गई।कांग्रेस ने महिला अपराधों की थाना-वार समीक्षा, लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण, महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पर्याप्त उपलब्धता तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। पीड़ित महिलाओं की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।
स्कूल-कॉलेजों के आसपास बढ़ाई जाए पुलिस सुरक्षा
कांग्रेस ने स्कूल एवं कॉलेजों के आसपास छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं पर भी चिंता जताई। ज्ञापन में कहा गया कि मनचले युवकों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के कारण छात्राओं में भय का वातावरण बन रहा है। कांग्रेस ने मांग की कि स्कूल-कॉलेज खुलने और छुट्टी के समय विशेष पुलिस व्यवस्था की जाए तथा ऐसे संवेदनशील स्थानों पर नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।ज्ञापन में देवरी नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त को प्रभावी बनाने की मांग की गई। विशेष रूप से रात के समय धार्मिक स्थलों, बाजार क्षेत्रों, स्कूल-कॉलेजों के आसपास, सुनसान मार्गों, संवेदनशील गांवों एवं अपराध प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की गई।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने कहा कि देवरी विधानसभा क्षेत्र की वर्तमान परिस्थितियां आम नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण परिवारों के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि यदि अवैध शराब, मादक पदार्थों, जुआ-सट्टा और संगठित अपराधों पर समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
