कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) से हायर पेंशन के लिए आवेदन करने वाले पेंशनर्स के लिए राहत भरी खबर है। सुप्रीम कोर्ट के नवंबर 2022 के आदेश के बाद EPFO ने अब तक 1,49,806 पेंशन पेमेंट ऑर्डर (PPO) जारी कर दिए हैं। श्रम और रोजगार मंत्रालय के मुताबिक, हायर वेज पर ज्यादा पेंशन के लिए कुल 15,24,365 क्लेम मिले थे, जिनमें से अधिकांश मामलों पर तेजी से कार्रवाई चल रही है। अगर आपने भी इसके लिए अप्लाई किया है और अब तक स्टेटस नहीं देखा है, तो इसे ऑनलाइन, SMS या मिस्ड कॉल के जरिए आसानी से ट्रैक किया जा सकता है।
15 लाख से ज्यादा आवेदन, 5 अगस्त तक 11 हजार क्लेम पेंडिंग
लोकसभा में एक लिखित जवाब के दौरान श्रम और रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने बताया कि हायर पेंशन के लिए कुल 15,24,365 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 5 अगस्त तक 11,595 क्लेम प्रक्रिया में पेंडिंग थे, जिनका निपटारा किया जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने नवंबर 2022 में केंद्र सरकार को वास्तविक वेतन के आधार पर पेंशन योजना में ज्यादा योगदान की सुविधा देने का निर्देश दिया था, जिसके बाद से लगातार ये PPO जारी किए जा रहे हैं।
दूसरी तरफ, संसद में पेंशनर्स की न्यूनतम राशि का मुद्दा भी उठाया गया है। बीजेपी के राज्यसभा सांसद के. लक्ष्मण ने सरकार से न्यूनतम पेंशन बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि वर्तमान में न्यूनतम पेंशन महज 1,000 रुपये है, जबकि महंगाई के इस दौर में दवाइयों, इलाज और खान-पान का खर्च काफी बढ़ चुका है। उन्होंने पेंशनर्स और उनके जीवनसाथियों के लिए सस्ती स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 31 मार्च तक कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) के तहत कुल 85,84,604 पेंशनर्स पंजीकृत हैं और इस अवधि तक योजना के तहत 15,819.28 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
घर बैठे ऐसे चेक करें हायर पेंशन क्लेम का स्टेटस
आप अपने मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए घर बैठे इन चार तरीकों से क्लेम का स्टेटस जान सकते हैं:
- उमंग ऐप (Umang App): सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से उमंग ऐप डाउनलोड करें। आधार से जुड़े मोबाइल नंबर से रजिस्टर करने के बाद 4 अंकों का MPIN बनाएं। इसके बाद 'ऑल सर्विसेज' में जाकर EPFO चुनें और 'एम्प्लॉयी सेंट्रिक सर्विसेज' में 'ट्रैक क्लेम' का विकल्प चुनें। अपना 12 अंकों का UAN दर्ज कर ओटीपी वेरिफाई करें, जिसके बाद स्क्रीन पर स्टेटस दिख जाएगा।
- EPFO मेंबर पोर्टल: EPFO के आधिकारिक मेंबर पोर्टल पर लॉगिन करें। 'ऑनलाइन सर्विसेज' टैब में जाकर 'ट्रैक क्लेम स्टेटस' पर क्लिक करें। यहां आपको ट्रैकिंग आईडी, फॉर्म का प्रकार और क्लेम की मौजूदा स्थिति मिल जाएगी।
- SMS के जरिए: अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 7738299899 पर एक मैसेज भेजना होगा। मैसेज का फॉर्मेट EPFOHO UAN भाषा कोड होगा। उदाहरण के लिए, हिंदी में जानकारी के लिए EPFOHO 123456789012 HIN लिखकर भेजना होगा।
- मिस्ड कॉल या टोल-फ्री नंबर: आप अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 9966044425 पर मिस्ड कॉल देकर भी जानकारी हासिल कर सकते हैं। इसके अलावा EPFO के टोल-फ्री नंबर 1800 118 005 या 1800 114 470 पर कॉल करके भी मदद ले सकते हैं।
