सोना-चांदी की कीमतों में 6 जुलाई को गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ज्वेलरी खरीदने और निवेश की योजना बना रहे लोगों को कुछ राहत मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के ताजा आंकड़ों के मुताबिक 24 कैरेट सोना ₹832 सस्ता होकर करीब ₹1.46 लाख प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं, चांदी की कीमत में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली और यह ₹2,046 टूटकर करीब ₹2.32 लाख प्रति किलोग्राम पर आ गई। कीमतों में आई इस कमी के बाद बाजार में खरीदारी बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है, हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक बाजार, डॉलर की चाल और अंतरराष्ट्रीय आर्थिक परिस्थितियों के कारण आने वाले दिनों में सोना-चांदी के भाव में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।
हालांकि आज की गिरावट के बावजूद वर्ष 2026 में अब तक सोना और चांदी दोनों ने निवेशकों को अच्छा रिटर्न दिया है। साल की शुरुआत में ही 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने की कीमत करीब ₹1.33 लाख थी, जो अब बढ़कर ₹1.46 लाख के स्तर पर बनी हुई है। इसी तरह चांदी ₹2.30 लाख प्रति किलो से बढ़कर ₹2.32 लाख प्रति किलो के आसपास कारोबार कर रही है। इस दौरान 29 जनवरी को सोने ने ₹1.76 लाख प्रति 10 ग्राम और चांदी ने ₹3.86 लाख प्रति किलो का ऑलटाइम हाई पर था। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार लंबी अवधि में सोना सुरक्षित निवेश बना हुआ है, लेकिन निवेशकों और खरीदारों को खरीदारी से पहले रोजाना के ताजा भाव और बाजार के रुझानों पर नजर रखनी जरुरी है।

