सोने-चांदी की कीमतों में मंगलवार एक बार फिर जोरदार तेजी देखने को मिली। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के मुताबिक 24 कैरेट 10 ग्राम सोना 1,150 रुपए की बढ़त के साथ 1.43 लाख रुपए पर पहुंच गया, जबकि एक किलो चांदी 3,159 रुपए महंगी होकर 2.23 लाख रुपए के स्तर पर पहुंच गई। लगातार बदलते वैश्विक आर्थिक हालात, निवेशकों की बढ़ती मांग और अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव का असर घरेलू सर्राफा बाजार पर भी साफ दिखाई दे रहा है। ऐसे में ज्वेलरी खरीदने वाले और निवेशक दोनों ही सोने-चांदी के भाव पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
वही अगर पूरे साल 2026 की बात करें तो सोने की कीमत में अब तक करीब 10 हजार रुपए की बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोना करीब 1.33 लाख रुपए के स्तर पर था, जो अब बढ़कर 1.43 लाख रुपए पर पहुंच गया है। दूसरी ओर, चांदी की कीमत में इस साल अब तक करीब 7 हजार रुपए की गिरावट दर्ज हुई है। साल के अंत में चांदी 2.30 लाख रुपए प्रति किलो थी, जबकि अब इसका भाव करीब 2.23 लाख रुपए प्रति किलो है।
हालांकि, इस साल सर्राफा बाजार में रिकॉर्ड स्तर भी देखने को मिले। 29 जनवरी 2026 को सोने ने 10 ग्राम पर 1.76 लाख रुपए और चांदी ने 3.86 लाख रुपए प्रति किलो का ऑलटाइम हाई बनाया था। विशेषज्ञों के अनुसार वैश्विक बाजार में अनिश्चितता, डॉलर की चाल, ब्याज दरों और निवेशकों की सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग के चलते आने वाले महीनों में सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। कुछ बाजार विशेषज्ञों का अनुमान है कि यदि मौजूदा परिस्थितियां बनी रहीं, तो इस साल के अंत तक सोना 1.60 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर तक भी पहुंचने की संभावना है।
