गूगल ने अपनी स्मार्टवॉच सीरीज को आगे बढ़ाते हुए नया मॉडल पेश कर दिया है। Google Pixel Watch 5 को भारत में 41mm और 45mm साइज ऑप्शन के साथ उतारा गया है। 41mm वेरिएंट की शुरुआती कीमत ₹42,900 है, जबकि 45mm मॉडल की कीमत ₹45,900 रखी गई है। इस रिव्यू में जानते हैं कि नए फीचर्स, बैटरी और गैलेक्सी वॉच से तुलना के मामले में यह स्मार्टवॉच कितनी खरी उतरती है।
डिजाइन और बिल्ड क्वालिटी
डिजाइन के मामले में गूगल ने अपने पुराने फॉर्मूले को ही बरकरार रखा है। वॉच में वही गोल केस, दाईं तरफ 3 o’clock पोजीशन पर क्राउन और डोम्ड ग्लास दिया गया है, जो पिक्सेल वॉच सीरीज की पहचान बन चुका है।
केस 100% रीसाइकिल एल्यूमीनियम से तैयार किया गया है और इसे IP68 रेटिंग मिली है, जिससे धूल और पानी से सुरक्षा मिलती है। हालांकि, स्क्रीन प्रोटेक्शन के मामले में यह सैमसंग की गैलेक्सी वॉच 9 से पीछे रह जाती है। गैलेक्सी वॉच में जहां सफायर क्रिस्टल ग्लास मिलता है, वहीं पिक्सेल वॉच 5 में यह सुरक्षा नहीं है, जिससे स्क्रैच का खतरा बना रहता है।
डिस्प्ले और विजिबिलिटी
वॉच में 1.4 इंच का LTPO AMOLED Actua डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रेजोल्यूशन 456 x 456 पिक्सल और पिक्सल डेंसिटी 320ppi है। इसकी पीक ब्राइटनेस 3,000 निट्स तक जाती है, जिससे तेज धूप में भी स्क्रीन पढ़ने में कोई परेशानी नहीं होती।
LTPO पैनल होने की वजह से इसका रिफ्रेश रेट 60Hz से 1Hz के बीच जरूरत के मुताबिक बदलता रहता है, जिससे बैटरी की बचत होती है। हालांकि, घुमावदार ग्लास की वजह से स्क्रीन पर एक्सीडेंटल नॉक्स या खरोंच लगने की आशंका थोड़ी बढ़ जाती है।
ऑन-डिफवाइस Gemini AI और परफॉर्मेंस
पिक्सेल वॉच 5 की सबसे बड़ी खूबी इसमें दिया गया स्वतंत्र Gemini AI असिस्टेंट है। इस बार गूगल ने इसे और अधिक सक्षम बनाया है, जिससे बेसिक कमांड्स के लिए फोन, इंटरनेट या ब्लूटूथ कनेक्शन की जरूरत नहीं पड़ती। यूजर सीधे घड़ी से टाइमर सेट करने, वर्कआउट शुरू करने, ऐप खोलने और म्यूजिक कंट्रोल करने जैसे काम कर सकते हैं।
रेज-टू-टॉक फीचर भी काम का है, जिसमें वेक वर्ड बोलने के बजाय घड़ी को मुंह के पास उठाकर सीधे बात शुरू की जा सकती है। इसके अलावा जीमेल, मैसेज और कैलेंडर के डेटा से जानकारी दिखाने वाले Proactive Suggestions भी जोड़े गए हैं, हालांकि इनमें से कुछ फीचर्स के लिए लेटेस्ट पिक्सेल 11 फोन की जरूरत पड़ती है। वॉच Wear OS 7 पर चलती है और इसमें Snapdragon W5 Gen 2 चिपसेट दिया गया है, जिससे इंटरफेस काफी स्मूथ काम करता है।
हेल्थ फीचर्स और GPS में सुधार
गूगल ने पिक्सेल वॉच 5 में जीपीएस सटीकता को बेहतर बनाया है। स्लीप ट्रैकिंग में भी सुधार किया गया है और कंपनी का दावा है कि यह 15% अधिक सटीक है। स्मार्ट वेक फीचर यूजर को हल्के स्लीप फेज के दौरान अलार्म से 30 मिनट पहले जगाने में मदद करता है।
हालांकि, ऑटोमैटिक वर्कआउट डिटेक्शन अभी भी पूरी तरह परफेक्ट नहीं है और कई बार इसे मैनुअली ऑन करना पड़ता है। फिटनेस ट्रैकिंग के मामले में सैमसंग गैलेक्सी वॉच 9 अभी भी फिटनेस इंडेक्स और कार्डियो लोड जैसे मामलों में आगे है। गूगल ने स्पष्ट किया है कि ब्लड प्रेशर ट्रेंड्स और इंसुलिन रेजिस्टेंस जैसे फीचर्स आने वाले अपडेट्स में जोड़े जाएंगे।
बैटरी और चार्जिंग अनुभव
पिक्सेल वॉच सीरीज की पुरानी कमजोरी बैटरी लाइफ रही है, जिसे इस मॉडल में सुधारा गया है। 41mm मॉडल में 332-mAh की बैटरी दी गई है, जिसे लेकर गूगल का दावा है कि यह सिंगल चार्ज में 30 घंटे तक चल सकती है। रियल-वर्ल्ड इस्तेमाल में Always-On Display बंद रखने पर बैटरी ढाई से तीन दिन तक आसानी से चल जाती है।
चार्जिंग स्पीड के मामले में यह 15 मिनट में 50% तक चार्ज हो जाती है, जबकि फुल चार्ज होने में करीब 60 मिनट लगते हैं। साथ ही नया क्विक चार्ज डॉक चार्जिंग के दौरान समय और अलार्म की जानकारी डिस्प्ले पर दिखाता है।
